भोपाल

#CoronaWarriors : कार को घर बनाने वाले डॉ. सचिन 7 दिन बाद पहुंचे घर, नाराज बेटी को इस तरह मनाते नजर आए

सीएम शिवराज से लेकर कई लोग डॉ. सचिन नायक के कार्य की भूमिका और उनके जज्बे को सलाम किया है। कार में बैठे हुए उनकी फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थी।
4 min read
• •
Updated: 9 Apr 2020, 3:32 PM IST
#CoronaWarriors
#CoronaWarriors : कार को घर बनाने वाले डॉ. सचिन 7 दिन बाद पहुंचे घर, नाराज बेटी को इस तरह मनाते नजर आए

भोपाल/ मध्य प्रदेशमें कोरोना वायरस का संक्रमण बहुत तेजी से बढ़ रहा है। मोजूदा आंकड़ों के मुताबिक, अब तक प्रदेश में 381 से अधिक लोग कोरोना के शिकार हो चुके हैं। ऐसे में प्रदेश में कई ऐसे जावाज कर्मवीर भी है, जो लोगों को इस संक्रमण से बचाने के लिए हर संभव प्रयास करने में जुटे हुए हैं। इन्ही कोरोना वॉरियर्स में से एक हैं डॉ सचिन नायक। आपको याद हो कि, शहर के जेपी अस्पताल में कोरोना ड्यूटी में पदस्थ ये वही डॉक्टर हैं, जिन्होंने कोरोना संक्रमित मरीजों का उपचार करने के लिए घर छोड़ रखा है और अस्पताल के बाहर अपनी कार को ही अपना आशियाना बनाए रखा। डॉक्टर सचिन बीते 7 दिनों बाद बुधवार को अपने घर पहुंचे। उनके घर की कुछ तस्वीरें सामने आई, इन्हीं में एक तस्वीर वो भी थी जिसमें वो घर पहुंचने पर अपनी रूठी हुई बेटी को मनाते हुए भी नजर आई।



बेटी को मनाने की जद्दोजहद

सोशल मीडिया पर उनकी ये तस्वीर लोगों के बीच काफी चर्चा का विषय बनीं। सचमुच ये तस्वीर बयान कर रही थी कि, उनके घर को खास तौर पर उनकी 3 साल की बेटी को उनकी कितनी जरूरत है, उनसे कितना प्यार है। डॉ. सचिन जैसे ही घर पहुंचे तो उनका परिवार तो उन्हें देखकर खुश हो गया, लेकिन उनकी मासूम बेटी उनसे नाराज थी, तस्वीर कह रही है कि, मानों वो मासूम अपने पिता से नाराज थी, तस्वीर में डॉ.सचिन अपनी बेटी को मनाते नजर आए। कुछ देर घर के बाहर से ही अपने परिवार से मिलकर वो वापस अपने कर्तव्य की ओर लौट आए। डॉ. नायक ने उस प्यार और परिवार हालात के मद्देनजर त्याग करके एक बार फिर जी जान से जन सेवा में जुट गए हैं।



प्रशासन ने कराई होटल में रहने की व्यवस्था

हालांकि, वो अपनी ड्यूटी के बाद कार में रहते थे तब उनका एक फोटो भी काफी तेजी से वायरल हुआ था, पत्रिका समेत कई न्यूज के माध्यमों ने उनके इस बलिदान और जनसेवा की सराहना की थी, जिसके बाद अब प्रशासन ने उनके लिए होटल में रहने की व्यवस्था करा दी है। हालांकि, जब वो होटल पहुंचे तो पता लगा कि होटल में खाने की व्यवस्था नहीं है। यही कारण था कि, उन्हें अपने घर खाना लेने जाना पड़ा।


सब खुश हुए लेकिन बेटी नाराज थी

डॉक्टर नायक जब अपने घर के दरवाजे पर पहुंचे तो उन्होंने डोर बेल बजाई। दरवाजे से कई दिनों बाद किसी के आने की आवाज सुनकर घर के सभी सदस्य जिनमें डॉ. सचिन की मां और पत्नी बाहर आईं। शायद उन्हें ये अहसास भी था कि, उनका बेटा और पति ही दरवाजे पर होगा। बाहर के दरवाजे पर डॉ. सचिन को इतने दिनों बाद देख घर के सभी सदस्य खुश हो गए। लेकिन, मां की गोद में बेठी बेटी अपने पिता से नाराज थी। डॉ. सचिन का मन था कि, वो खुशी से अपनी बेटी को गोद में समेट लें और उसे मनाने के लिए उसे मनाने के लिए उसकी हर बात मान लें, लेकिन हालात ने उन्हें ये सब करने नहीं दिया। उन्होंने सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने में ही अपने परिवार की भलाई समझी।


घर से निकलते समय मां से करके आए भावुक वादा

हालांकि, घर की बाहरी मुंडेर से उन्होंने परिवार से चंद मिनट बातें की। मां और पत्नी ने उनका और उन्होंने अपने परिवार का हाल जाना। इतनी देर में पत्नी ने दरवाजे की मुंडेर पर दूर से ही एक गिलास में पानी रख दिया, इतने दिन बाद अपने घर का पानी पीकर डॉ. नायक जैसे एक बार फिर पूरी तरह तरोताजा हो गए। 7 दिन बाद बेटा सामने आया, लेकिन मां को दुख इस बात का था कि वो उसे अपने पास बैठाकर दुलार भी नहीं पा रही थीं। मां की आंखों में आंसू थे, जिन्हें देखकर डॉ. नायक का गला भी भर आया। मां ने दूर से ही पूछा- बेटा तू ठीक तो है, जिसपर जवाब देते हुए बेटे ने कहा कि, मेरी चिंता मत कर मां, तू तो मेरे लिए हमेशा दुआ करती ही है, लेकिन मेरे साथ उन सभी मरीजों की भी दुआएं हैं, जो इस संक्रमण से ठीक हो रहे हैं। मैं जल्दी ही लौटकर आऊंगा। इतनी देर में पत्नी टिफिन ले आईं, जो उसी दरवाजे की मुंडेर पर रख दिया। टिफिन उठाते समय डॉक्टर साहब ने अपने परिवार से अपील की कि, आप लोग अगर सोशल डिस्टेंसिंग का सही तरह से पालन कर लोगे तो एक पति, एक पिता और एक बेटा जरूर घर लौट लौटेगा।


शिवराज ने फोटो शेयर कर लिखा- ये योद्धा ही हमें कोरोना से जंग जिताएंगे

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने ट्विटर हैंडल पर डॉक्टर सचिन नायक की फोटो शेयर की, साथ ही उन्होंने लिखा कि, 'आप जैसे कोविड-19 के विरुद्ध लड़ रहे योद्धाओं का मैं और पुरा मध्यप्रदेश अभिनंदन करता है, इसी संकल्प के साथ हम सब निरंतर आगे बढ़े तो ये महायुद्ध और जल्द जीत सकेंगे सचिन जी आपके जज्बे को सलाम। सीएम ने इस ट्वीट के जरिये डॉक्टर सचिन नायक का हौसला बढ़ाया। वहीं, भाजपा राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने भी डॉक्टर सचिन की फोटो शेयर करते हुए डॉक्टर जांबाज की उपाधी देकर उनका हौसला बढ़ाया।

Updated on:
9 Apr 2020, 3:32 PM IST
Published on: