भोपाल

जस्टिस गोगोई बोले-सुप्रीम कोर्ट ने निभाई स्वतंत्रता के द्वारपाल की भूमिका

एनएलआइयू में व्याख्यान में बोले जस्टिस गोगोई संविधान के मूल्यों को बनाए रखने के लिए हमारी पीढ़ी ने बहादुरी से लड़ाई लड़ी
2 min read
• •
Updated: 16 Apr 2018, 1:41 PM IST
Supreme Court,justice,Justice Ranjan gogoi,supreme court judge,Ranjan Gogoi,
कोर्ट

भोपाल. सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस रंजन गोगोई ने कहा कि संविधान के तहत नागरिकों के समानता और स्वतंत्रता के अधिकारों की रक्षा करने में सुप्रीम कोर्ट ने अहम भूमिका निभाई है। ऐसे कानूनों में संशोधन कराया, जिनका उपयोग आम नागरिकों की स्वतंत्रता को कम करने में हो सकता था। उन्होंने श्रेया सिंघल, पुथुस्वामी और घोष के मामलों का हवाला देते हुए कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने कठोर कानून और दखल के नियमों के संदर्भ में स्वतंत्रता के द्वारपाल की भूमिका निभाई।
जस्टिस गोगोई रविवार को यहां नेशनल लॉ इंस्टीट्यूट यूनिवर्सिटी (एनएलआइयू) के ऑडियोरियम में संवैधानिक उपदेश विषय पर आयोजित जस्टिस जीपी सिंह थर्ड मेमोरियल व्याख्यान में संबोधित कर रहे थे। जस्टिस गोगोई ने कहा कि उनकी पीढ़ी ने संविधान के मूल्यों को बनाए रखने के लिए बहादुरी से लड़ाई लड़ी है। ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि भारत में कड़ी मेहनत से मिली स्वतंत्रता को जाया नहीं होने दिया जाए। गोगोई ने जस्टिस एचआर खन्ना, जस्टिस जेएस वर्मा, जस्टिस पीजी सिंह और जस्टिस एपी सेन को याद किया और कहा कि इन्होंने ईमानदारी और साहस के साथ संविधान के मौलिक अधिकारों को समानता के साथ लागू कराने में कोई कसर नहीं छोड़ी। स्वतंत्रता के साथ न्याय किया।

पूरी हो सकती है संविधान की वास्तविक भावना
गोगोई ने बाबा साहेब डॉ. आम्बेडकर के दृष्टिकोण का जिक्र करते हुए कहा कि यदि इसके प्रति दृढ़ता से विश्वास किया जाए तो संविधान की वास्तविक भावना पूरी हो सकती है। इस दौरान मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस हेमंत गुप्ता, एनएलआइयू के डायरेक्टर प्रो. मुकेश श्रीवास्तव, रजिस्ट्रार गिरीबाला सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी जस्टिस गोगोई से मिलने पहुंचे।

अगले चीफ जस्टिस हो सकते हैं गोगोई
रंजन गोगोई एक भारतीय न्यायाधीश तथा वर्तमान भारत का उच्चतम न्यायालय में न्यायाधीश है। वे पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय में मुख्य न्यायाधीश थे। सुप्रीम कोर्ट के सीनियर जज जस्टिस चेलमेश्वर ने कहा है कि अगर जस्टिस दीपक मिश्रा के बाद जस्टिस रंजन गोगोई को देश का मुख्य न्यायाधीश नहीं बनाया जाता है तब समझ लीजिएगा कि इस साल के शुरू में सुप्रीम कोर्ट के चार वरिष्ठ जजों ने प्रेस कॉन्फ्रेन्स कर जो शक जताए थे वो सच साबित हो गए। बता दें कि जस्टिस दीपक मिश्रा का कार्यकाल इस साल 2 अक्टूबर को समाप्त हो रहा है। वरिष्ठता के लिहाज से उनके बाद जस्टिस रंजन गोगोई को चीफ जस्टिस बनाया जाना चाहिए क्योंकि दूसरे नंबर पर आने वाले जस्टिस चेलमेश्वर उससे पहले ही 22 जून को रिटायर हो रहे हैं।

Published on: