भोपाल

एमपी बीजेपी की बड़ी बैठक बीच में ही छोड़कर दिल्ली रवाना हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया

Jyotiraditya Scindia -भाजपा कोर समिति बैठक: शिवराज नहीं पहुंचे, राजनीतिक नियुक्ति में देरी पर शिवप्रकाश बोले- जो बात करनी है अध्यक्ष से करें

2 min read
Apr 15, 2026
Jyotiraditya Scindia Departs for Delhi After Leaving MP BJP Meeting (Patrika.com)

Jyotiraditya Scindia - मध्यप्रदेश बीजेपी की नवगठित प्रदेश कोर कमेटी की बैठक मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास पर हुई। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, सीएम डॉ. मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में हुई बैठक में कई अहम मुद्दों पर बात हुई। सूत्रों के मुताबिक प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में एमपी में राजनीतिक नियुक्तियों, दतिया विधानसभा सीट पर चुनाव की संभावित स्थिति, मप्र से राज्यसभा की चौथी सीट पर भी दावेदारी की संभावनाओं और सरकार व संगठन के बीच कई मौकों पर बढ़ती दूरी जैसे मसलों पर चर्चा हुई। सीएम आवास में कोर समिति की बैठक में भाजपा के सभी शीर्ष नेता शामिल हुए। बिहार में व्यस्तता के कारण केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान यहां नहीं आ सके जबकि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बीच में ही बैठक छोड़कर दिल्ली रवाना हो गए।

कोर कमेटी बैठक में कुछ सदस्यों ने निगम-मंडल व प्राधिकरणों में नियुक्ति पर देरी पर असंतोष जताया तो कुछ ने अपने-अपने गुटों के नामों को नए सिरे से पेश करने के प्रयास किए। सूत्रों के मुताबिक सभी बातों को सुनने के बाद राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने दो टूक कहा- यह विषय दिल्ली में लंबित है और इसमें जो बात कहनी है और करनी है, वह प्रदेश अध्यक्ष से करें।

ये भी पढ़ें

एमपी में दो पूर्व मंत्रियों सहित 11 विधायकों को बड़ा दायित्व, बीजेपी ने बनाई 89 सदस्यीय जंबो टीम

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने सुझाव दिया कि सरकार के सभी मंत्री और पार्टी के सभी विधायक क्षेत्रीय पार्टी कार्यालयों में जनता के साथ कार्यकर्ताओं से मिलने का दिन तय करें। इससे सरकार और संगठन में गैप खत्म हो सकेगा।

बैठक के केंद्र में नारी वंदन अधिनियम था जिसपर केंद्र सरकार तीन दिवसीय विशेष सत्र बुलाने जा रही है। इस पर सभी सदस्यों ने एकराय में कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देश का सुनहरे भविष्य गढऩे और उसमें महिला शक्ति को केंद्र में रखने वाला अहम कदम है, इसलिए मप्र की ओर से प्रयासों में कमी नहीं रहनी चाहिए।

बीजेपी की इस अहम बैठक में प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, राजेंद्र शुक्ला, सांसद वीडी शर्मा, फग्गन सिंह कुलस्ते, मंत्री प्रहलाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय, राकेश सिंह, संपतिया उइके, लता वानखेड़े के अलावा, नरोत्तम मिश्रा, लाल सिंह आर्य और अरविंद सिंह भदौरिया शामिल रहे। बंगाल चुनाव में व्यस्तता के कारण क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल शामिल नहीं हो पाए, जबकि बिहार के सीएम चयन में व्यस्तता के चलते केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल नहीं हो पाए। सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय मंत्री सिंधिया बैठक बीच में छोड़ रवाना हो गए।

चर्चा में रही संपतिया उइके की मौजूदगी

प्रदेश भाजपा की नवगठित कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक में मंत्री संपतिया उइके भी शामिल रहीं। उनकी मौजूदगी चर्चा में रही। उइके के पास लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग है, जो बीते साल जल जीवन मिशन के कामों में गड़बडिय़ों को लेकर काफी सुर्खियों में रहा। यहां तक कि विधानसभा के अंदर भी सरकार को जवाब देना पड़ा था।

हर दो महीने में बैठेंगे सदस्य

प्रदेश भाजपा कोर कमेटी की यह पहली बैठक थी, जिसमें पार्टी के प्रमुख बड़े संगठनात्मक अभियानों से लेकर आगामी राजनीतिक नियुक्तियों पर चर्चा हुई। साथ ही पार्टी के आगामी एजेंडे तय किए गए। प्रशिक्षण वर्ग पर विशेष ध्यान देने पर बात हुई। सूत्रों के मुताबिक यह भी निर्णय लिया कि अब हर दो माह में कोर कमेटी की बैठक करेंगे, ताकि पार्टी से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों पर समय से निर्णय लिए जा सके।

ये भी पढ़ें

सीएम व बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष के दिल्ली दौरे से मची खलबली, एमपी में राजनैतिक नियुक्तियां तय
Updated on:
15 Apr 2026 10:43 am
Published on:
15 Apr 2026 10:42 am
Also Read
View All