पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के हेलीकाप्टर की आपात लैंडिंग...। सड़क मार्ग से हुए रवाना...।
सीहोर। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ (kamal nath) के हेलीकाप्टर की मंगलवार को इमरजैंसी लैंडिंग (emergency landing) हुई है। उनके हेलीकाप्टर को सीहोर के कालेज ग्राउंड में उतारा गया है। इसके बाद उन्हें सड़क मार्ग से भोपाल रवाना किया गया है। खराब मौसम के कारण सीहोर के कॉलेज ग्राउंड पर हेलीकाप्टर ( helicopter) की इमरजैंसी लैंडिंग से हड़कंप मच गया। सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी ने राहत की सांस ली है।
मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ इंदौर से भोपाल लौट रहे थे। तभी अचानक मौसम खराब हो गया और उनके हेलीकाप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करना पड़ी। कमलनाथ के साथ ही कांग्रेस के नए प्रदेश प्रभारी जेपी अग्रवाल और पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह भी सवार थे। सभी को सड़क मार्ग से भोपाल रवाना किया गया। सभी ने सुरक्षित लैंडिंग के बाद राहत की सांस ली हैं। स्थानीय प्रशासन का अमला भी कालेज ग्राउंड पहुंच गया था।
इंदौर-मालवा दौरे पर थे कमलनाथ
इससे पहले कमलनाथ इंदौर दौरे पर थे। इंदौर के कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला के पिता विष्णु प्रसाद शुक्ला के निधन के बाद तीनों ही नेता उनके घर श्रद्धांजलि देने गए थे। इसके अलावा कमलनाथ आगर मालवा के दौरे पर भी गए। उन्होंने वहां सभा को भी संबोधित किया.