
Grand Gift for MP Through the Collaborative Synergy of Shivraj Singh Chouhan and Mohan Yadav
BRICS- एमपी की व्यवसायिक राजधानी इंदौर को बड़ी सौगात मिली है। यहां ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्रियों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को कैबिनेट की बैठक से पहले मंत्रि-परिषद को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इंदौर में ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्रियों का सम्मेलन 9 जून से 13 जून तक होगा। सीएम मोहन यादव ने इस आयोजन को प्रदेश के लिए गर्व का विषय करार दिया। खास बात यह है कि इंदौर में इस बड़े अंतराष्ट्रीय सम्मेलन के आयोजन में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) की अहम भूमिका है। ब्रिक्स देशों के सम्मेलन के लिए उन्होंने न केवल इंदौर का नाम सुझाया बल्कि सीएम मोहन यादव को भी इसकी जानकारी दी। इसके बाद दोनों नेताओं की जुगलबंदी ने अपना असर दिखाया और इस अहम इंटरनेशनल मीटिंग के लिए इंदौर को चुन लिया गया।
भारत 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन (18th BRICS Summit) की मेजबानी कर रहा है। इसी के अंतर्गत कृषि से संबंधित सम्मेलन भी आयोजित किया जाना है। ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्रियों के सम्मेलन की मेजबानी के लिए इंदौर का चयन कर लिया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रि परिषद को बताया कि विश्व की प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाओं वाले देशों के इस समूह को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा और अधिक सशक्त बनाया जा रहा है। सदस्य देशों के बीच आर्थिक सहयोग, व्यापार और भू-राजनीतिक संवाद को बढ़ाना ब्रिक्स आंदोलन का उद्देश्य है। सीएम मोहन यादव ने कहा कि इंदौर में यह 5 दिवसीय सम्मेलन पूर्ण गरिमा और गौरव के साथ संपन्न हो, यह राज्य सरकार का दायित्व है।
ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्रियों के इस सम्मेलन में 21 देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इनमें ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, युगांडा, मिस्र, सऊदी अरब, मलेशिया, नाइजीरिया, थाईलैंड ,संयुक्त अरब अमीरात, कोलंबिया, इंडोनेशिया आदि शामिल हैं। सम्मेलन में वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक, नीति निर्धारक आदि भी सहभागिता करेंगे।
इंदौर को इस अंतराष्ट्रीय आयोजन के लिए चुनने में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) ने अहम भूमिका निभाई। दिल्ली में जब सम्मेलन की मेजबानी को लेकर चर्चा हुई तो उन्होंने तुरंत इंदौर का नाम सुझा दिया। इसके साथ ही सीएम डॉ. मोहन यादव (CM Mohan Yadav) को भी यह बात बताई। इसके बाद दोनों नेता इंदौर में ही यह आयोजन कराने के लिए सक्रिय हो गए। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और
सीएम डॉ. मोहन यादव के प्रयास रंग लाए। ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्रियों के सम्मेलन के लिए इंदौर के नाम पर मुहर लग गई। केंद्र सरकार ने इसकी मंजूरी दे दी।
Published on:
05 May 2026 06:27 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
