भोपाल

कार्तिक पूर्णिमा पर एमपी के नर्मदा तटों पर आस्था का महाकुंभ, लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

Kartik Purnima 2026 : कार्तिक पूर्णिमा पर एमपी के नर्मदा तटों पर आस्था का सैलाब उमड़ा। कहीं लाखों श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई तो कहीं नाव में चढ़ने धक्का-मुक्की हुई। बरमान, बांद्राभान और रम्पुरा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़; 200 साल पुराने बांद्राभान मेले में 400 दुकानें बनीं आकर्षण।
3 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 2:13 PM IST
Kartik Purnima 2026
नर्मदा स्नान के लिए उमड़े श्रद्धालु (फोटो सोर्स: Patrika)

MP News : कार्तिक पूर्णिमा पर मध्य प्रदेश के नर्मदा तटों पर आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। मां नर्मदा के पावन जल में पुण्य स्नान के लिए बरमान, बांद्राभान और देवरी इलाके के रम्पुरा घाट समेत कई नर्मदा तटों पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से ही घाटों पर स्नान, पूजा-अर्चना, दीपदान और दान-पुण्य का सिलसिला देखने को मिला। कहीं नर्मदा के जयकारों से घाट गूंजते रहे तो कहीं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच व्यवस्थाएं संभालना प्रशासन के लिए चुनौती बन गया।

सूबे के नरसिंहपुर जिले के प्रसिद्ध बरमान घाट पर नरसिंहपुर के साथ-साथ छिंदवाड़ा, रायसेन और सागर समेत आसपास के जिलों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। बरमान के रेत घाट, सीढ़ी घाट, सतधारा और रामघाट पर सुबह से ही भीड़ देखने को मिली। चिनकी, महादेव पिपरिया, केरपानी, हीरापुर और सांकल के नर्मदा तटों पर भी श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। धार्मिक मान्यता है कि, कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान और दीपदान का खास महत्व होता है। इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध किया था, इसलिए इसे त्रिपुरी पूर्णिमा भी कहते हैं।

बांद्राभान मेले के 200 साल पूरे, 400 दुकानें बनीं आकर्षण

नर्मदा स्नान के लिए उमड़े श्रद्धालु (फोटो सोर्स: Patrika)

नर्मदापुरम में नर्मदा और तवा नदी के संगम स्थल बांद्राभान पर कार्तिक पूर्णिमा का खास उल्लास नजर आया। यहां लाखों श्रद्धालुओं ने संगम में स्नान कर पूजा-अर्चना की। खास बात ये है कि, यहां सबसे पहले यानी सोमवार शाम से ही श्रद्धालुओं का पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। कोई निजी वाहन से तो कोई बैलगाड़ी से मेला क्षेत्र पहुंच रहा था।

इस बार बांद्राभान मेले के 200 वर्ष पूरे होने के कारण आयोजन को विशेष भव्यता दी गई। मेले में करीब 400 दुकानें लगाई गई हैं। गुड़ की जलेबी, सेव-पापड़ी और अन्य व्यंजनों के साथ रोजमर्रा की जरूरतों का सामान श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेतीले रास्तों पर ग्रीन नेट बिछाई गई, ताकि धूल न उड़े और आवागमन आसान रहे।

रम्पुरा घाट पर नाव में चढ़ने की होड़

नर्मदा स्नान के लिए उमड़े श्रद्धालु (फोटो सोर्स: Patrika)

एक तरफ जहां बरमान और बांद्राभान में श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच व्यवस्थाएं बनी रहीं, वहीं दूसरी तरफ देवरी इलाके के रम्पुरा घाट पर भीड़ का खासा दबाव रहा, जो सूर्योदय होते-होते परेशानी का कारण बन गया। नर्मदा पंचकोशी परिक्रमा के चलते सोमवार के मुकाबले मंगलवार को श्रद्धालुओं की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई। नाव के जरिए नदी पार जाने के लिए लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ा। हालात ये रहे कि, सुबह करीब 10 बजे तक स्थिति ज्यादा खराब रही। नाव में पहले चढ़ने की होड़ में श्रद्धालुओं के बीच धक्का-मुक्की होने लगी। कुछ लोग जल्दबाजी में नदी के अंदर तक पहुंच गए।

तहसीलदार और TI ने संभाला मोर्चा

नर्मदा स्नान के लिए उमड़े श्रद्धालु (फोटो सोर्स: Patrika)

स्थिति को देखते हुए देवरी तहसीलदार जयशाह उइके और थाना प्रभारी शैलेंद्र तोमर खुद पानी में उतर गए। उन्होंने श्रद्धालुओं की आवाजाही को दुरुस्त करने के लिए खुद नावों तक पहुंचने की व्यवस्था संभाली। हालांकि, इस घटना ने बड़े धार्मिक आयोजनों में भीड़ प्रबंधन और नावों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। क्षमता के अनुसार नावों में यात्रियों को बैठाने और व्यवस्थित कतारें बनाने की जरूरत भी सामने आई।

सुरक्षा के लिए गोताखोर, मोटर बोट और वॉच टावर तैनात

बांद्राभान मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए। गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई। इसी के साथ कुशल तैराकों के साथ साथ गोताखोरों, मोटर बोट, लाइफ जैकेट, वायरलेस सेट, वॉकी-टॉकी, सर्च लाइट और वॉच टावर की व्यवस्था की गई। इसके अलावा स्वास्थ्य अमला, एंबुलेंस, प्राथमिक उपचार केंद्र, खोया-पाया केंद्र, पेयजल और अस्थायी शौचालय भी बनाए गए। यातायात व्यवस्था के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की गई।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए ये काम जरूरी

कार्तिक पूर्णिमा पर नर्मदा तटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने एक बार फिर मध्य प्रदेश में नर्मदा की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता को सामने रखा। कहीं 200 साल पुराने मेले की रौनक रही तो कहीं पंचकोशी परिक्रमा की आस्था। हालांकि रम्पुरा घाट की स्थिति ने ये भी संकेत दिया कि, श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के हिसाब से सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत करना जरूरी है।

Updated on:
24 Nov 2026, 2:13 PM IST
Published on: