भोपाल के डेयरी कारोबारी किशन मोदी से 10 करोड़ रुपए की ठगी मामले ने तिहाड़ जेल में बंद मोहित गोगिया की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। उसके खिलाफ आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने शिकंजा कसते हुए किशन मोदी ठगी केस में चालान पेश कर दिया है। मोहित गोगिया पर बैंक लोन सेटल कराने का झांसा देकर रकम ऐंठने का आरोप है। भोपाल की गायत्री फूड प्रोडक्ट्स के संचालक किशन मोदी ने ईओडब्ल्यू में शिकायत की थी कि गोगिया ने बैंक का कर्ज सेटल कराने का भरोसा दिलाकर उनसे 10 करोड़ रुपए लिए। भरोसा जीतने के लिए उसने फर्जी चैट दिखाकर कहा था कि एसबीआइ की जीएम कुंदन ज्योति से बातचीत हो रही है। ईओडब्ल्यू ने जांच के बाद मोहित गोगिया, उसकी पत्नी श्वेता गोगिया और एमजी लीजिंग एंड फाइनेंस के विरुद्ध धोखाधड़ी, कूटरचना और आइटी एक्ट की धाराओं में एफआइआर दर्ज की थी।