
Bhopal Husband Wife Death: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में करवा चौथ पर साथ में व्रत खोलने के कुछ देर बाद पति-पत्नी दोनों ने ही अपनी जान दे दी। घटना खजूरी थाना क्षेत्र के बरखेड़ा बोंदर गांव की है। यहां पत्नी का शव घर के बेडरूम में और कुछ घंटों बाद पति का शव घर से कुछ दूरी पर बरामद हुआ। परिजनों के मुताबिक पति ने पत्नी को बेडरूम में मृत देखा और परिवार के लोगों को बताया। परिवार के सदस्य कुछ समझ पाते इससे पहले पति भी घर से चला गया और कुछ देर बाद उसका शव घर से कुछ दूरी पर मिला। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए हैं और मामले की जांच कर रही है।
खजूरी थाना क्षेत्र के बरखेड़ा बोंदरा गांव में रहने वाले 26 वर्षीय सूरज अहिरवार ने साल 2021 में शिवानी से लव मैरिज की थी। गुरुवार को करवा चौथ पर सूरज और शिवानी दोनों ने एक-दूसरे के लिए व्रत रखा था और रात में साथ में चांद देखने के बाद व्रत खोला था। व्रत खोलने के बाद रात करीब 11.30 बजे सूरज शिवानी को बिना बताए घर से बाहर चला गया था।
परिजनों ने बताया कि रात करीब 2.30 बजे जब सूरज घर लौटा तो खटखटाने पर शिवानी ने बेडरूम का दरवाजा नहीं खोला। काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर सूरज ने एक छेद से झांककर देखा तो शिवानी का शव नजर आया। इसके बाद उसने तुरंत परिवार के सदस्यों को शिवानी की मौत के बारे में बताया और दरवाजा तोड़ा। शव को बाहर लाने के बाद सूरज भी घर से चला गया और करीब दो घंटे बाद उसका शव घर के पास ही बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस के मुताबिक कोई मौके से कोई पत्र नहीं मिला है, घटना के कारणों की जांच की जा रही है।