भोपाल

“कांग्रेस नेता ने की साजिश- चैनल ने चलाया वीडियो”, मंत्री कृष्णा गौर का मीनाक्षी नटराजन केस में खुलासा

Krishna Gaur On Meenakshi Natarajan Case- मंत्री कृष्णा गौर ने मीनाक्षी नटराजन केस में प्रेस वार्ता में महिला मुद्दे पर कांग्रेस नेताओं को घेरा, साजिश की बात कही

2 min read
Jun 13, 2026
मंत्री कृष्णा गौर
Minister Krishna Gaur मंत्री कृष्णा गौर (फोटो- कृष्णा गौर फेसबुक अकाउंट)

Meenakshi Natarajan Case- मध्यप्रदेश की राज्यसभा की तीसरी सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के बाद गरमाई राजनीति अभी ठंडी नहीं हुई है। कांग्रेस को जहां सुप्रीम कोर्ट से भी राहत नहीं मिली वहीं इस मुद्दे पर बीजेपी और मुखर हो उठी। सत्ताधारी दल के मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित अनेक नेताओं और मंत्रियों ने मीनाक्षी नटराजन केस में कांग्रेसियों को ही घेरा। प्रदेश की महिला मंत्री कृष्णा गौर ने बाकायदा प्रेस वार्ता कर महिलाओं के मुद्दे पर कांग्रेस पर पलटवार किया। मीनाक्षी नटराजन Meenakshi Natarajan केस में उन्होंने दो अहम बातें कहीं- पहली यह कि किसी महिला को राज्यसभा में जाने से रोकने के लिए कांग्रेस के ही नेताओं ने साजिश की, दूसरी यह कि तेलंगाना की महिला कार्यकर्ता से जुड़े मामले को एक चैनल ने भी दिखाया था। इस बीच मीनाक्षी नटराजन ने इस मामले में जनता की अदालत में जाने की बात कही है। मध्यप्रदेश कांग्रेस अब प्रदेशभर में जोरदार प्रदर्शन की तैयारी कर रही है।

मीनाक्षी नटराजन को सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को सबसे बड़ा झटका दिया। देश की शीर्ष कोर्ट ने उनका नामांकन निरस्त कर देने संबंधी कांग्रेस की याचिका को अग्राह्य (नॉन मेंटेनेबल) बताकर खारिज कर दिया। कोर्ट ने कहा कि मामले में चुनाव याचिका दायर करने का विकल्प खुला है।

सुप्रीम कोर्ट का फैसला सामने आने के बाद भोपाल से लेकर दिल्ली तक हंगामा मच गया। कांग्रेस के 61 विधायकों ने राष्ट्रपति से मिलने की मांग लेकर राष्ट्रपति भवन के लिए पैदल मार्च निकाला। पुलिस ने उन्हें बैरिकेडिंग कर रोका। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत कई नेताओं ने बैरिकेड्स कूदने का प्रयास किया तो पुलिस से झड़प हुई। पुलिस ने सभी कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया। बाद में छोड़ भी दिया।

कांग्रेस नेता ने साजिश कर नामांकन निरस्त कराया

वहीं, मंत्री कृष्णा गौर ने भोपाल में प्रेस वार्ता कर कांग्रेस पर पलटवार किया। वे बोलीं कि कांग्रेसी नेता नहीं चाहते थे कि कोई महिला नेता राज्यसभा जाए। इसलिए साजिश कर उनका नामांकन रद्द करवा दिया। यह कांग्रेस की महिला विरोधी नीतियों का प्रमाण है।

वीडियो निजी चैनल ने दिखाया

मंत्री कृष्णा गौर ने यह भी बताया कि तेलंगाना कांग्रेस की जिस महिला कार्यकर्ता से जुड़े मामले में मीनाक्षी नटराजन को आरोपी बनाया, उसका वीडियो निजी चैनल ने दिखाया है। महिलाओं के राजनीति में आगे आने का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपनी पार्टी की ही एक ही नहीं, बल्कि दो महिला कार्यकर्ताओं से छल किया है।

Published on:
13 Jun 2026 06:48 am