
Ladla Bhai Yojana: मध्यप्रदेश के सीएम डॉ मोहन यादव ने शनिवार को सिंगल क्लिक में लाड़ली बहनों के खाते में पैसे ट्रांसफर कर दिए हैं। अब लाड़ली बहनों के साथ-साथ सरकार लाड़ले भाइयों के लिए भी खास योजना ला रही है। पिछले काफी समय से लाड़ले भाइयों के लिए कोई योजना की आवाज उठाई जा रही थी। शिवराज सिंह चौहान के सीएम रहते भी कई बार लाड़ले भाइयों के लिए कोई योजना की मांग की गई थी।
सीएम डॉ मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार लाड़ली बहनों के साथ लाड़ले भाइयों के लिए भी खास योजना बना रही है। इसमें प्रदेश में स्थापित होने वाले उद्योगों में उन्हें रोजगार के अवसर दिए जाएंगे। मध्यप्रदेश के युवाओं में क्षमता और योग्यता के कोई कमी नहीं है। उन्हें सिर्फ अवसर देने की जरूरत है। आगे उन्होंने कहा कि औद्योगिक निवेश के लिए प्रदेश में रीजनल इन्वेस्टर समिट की जा रही है। इसके लिए ग्वालियर और सागर में इंवेस्टर समिट की जाएगी।
इसके अंतर्गत प्रदेश के अलग-अलग अंचलों में उद्योग लगाए जाएंगे। इन उद्योगों के जरिए लाड़ली बहनों और भाइयों को रोजगार दिया जाएगा। जिससे वह आर्थिक रूप से समृद्ध बनेंगे।
सीएम डॉ मोहन यादव ने कहा कि किसानों के हित में एमपी सरकार भी किसान सम्मान निधि के साथ किसान कल्याण योजना की राशि प्रदान करना जारी रखेगी। किसानों के घर में पैसा जाएगा तो पूरा देश समृद्ध होगा।