ladli behana Yojana Shivraj Singh Chouhan
ladli behana Yojana Union Agriculture Minister Shivraj Singh Chouhan ladli behna केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान इन दिनों एमपी में हैं। वे अपने संसदीय क्षेत्र विदिशा का दौरा कर रहे हैं। रविवार को शिवराजसिंह चौहान सीहोर में अनेक कार्यक्रमों में शामिल हुए। इससे पहले शनिवार को भी उन्होंने बुधनी और रेहटी में तिरंगा यात्रा निकाली, बहनों से संवाद किया और जनसंवाद कार्यक्रम मेें भी शामिल हुए। एमपी के मुख्यमंत्री रहते हुए लाड़ली बहना योजना शुरु करनेवाले शिवराजसिंह चौहान अभी भी बहनों, महिलाओं के पैरोकार बने हुए हैं। उन्होंने लाड़ली बहनों के लिए बड़ा प्लान बनाने की बात कही है और इस संबंध में ट्वीट भी किया।
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को सीहोर जिले में लाड़कुई से भैरुंदा तक तिरंगा यात्रा निकाली। भैरूंदा में वे रक्षाबंधन उत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। सीएम राइज स्कूल के विद्यार्थियों के साथ संवाद किया।
शिवराजसिंह चौहान इछावर भी पहुंचे और लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के निर्माण में कृषि व किसान कल्याण मंत्रालय और ग्रामीण विकास मंत्रालय कोई कसर नहीं छोड़ेगा।
संसदीय क्षेत्र के दौरे में केंद्रीय मंत्री शिवराजसिंह चौहान लाड़ली बहना योजना का जिक्र करना नहीं भूलते। वे बताते हैं कि योजना ने करोड़ों महिलाओं, युवतियों की जिंदगी बदल दी। शिवराजसिंह चौहान ने कहा मध्यप्रदेश ही नहीं, अब महाराष्ट्र ओडिशा, छत्तीसगढ़ और दिल्ली जैसे कई राज्यों में भी लाड़ली बहना की तर्ज पर महिलाओं, युवतियों के लिए योजना शुरू की गई हैं।
केंद्रीय मंत्री शिवराजसिंह चौहान ने लाड़ली बहनों के लिए अगला प्लान भी बताया। उन्होंने कहा कि अब लाड़ली बहनों की आय सालाना 1 लाख रूपए से ज्यादा करना है। स्व-सहायता समूह के माध्यम से यह काम कर उन्हें लखपति क्लब में शामिल कराया जा रहा है।
मंत्री शिवराजसिंह चौहान ने बताया कि 25 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में महाराष्ट्र में लखपति दीदी कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। हमने 100 दिन में 11 लाख दीदियों को लखपति बनाने का जो लक्ष्य तय किया था वह संख्या 25 तारीख को पूरी हो जाएगी। इसके बाद भी नए काम शुरू करके बहनों की आमदनी बढ़ाते जाएंगे ताकि कोई महिला गरीब न रहे। शिवराजसिंह चौहान ने इस संबंध में अपने एक्स हेंडल पर ट्वीट भी किया है।
इससे पहले केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीहोर भोपाल हाईवे पर जहांगीर पुरा जोड़ पर भी पत्रकारों से बात की। इस दौरान उन्होंने लाडली बहनों को लखपति बहना बनाने की बात कही।
क्या है लाड़ली बहना योजना
मध्यप्रदेश में सीएम रहते हुए शिवराजसिंह चौहान ने 5 मार्च 2023 को लाड़ली बहना योजना शुरू की थी। इस योजना में 1 करोड़ 32 लाख पात्र महिलाओं के खातों में मासिक 1 हजार रुपए डाले जाते थे। अब इस राशि को बढ़ाकर 1250 रुपए मासिक कर दिया गया है।