
भोपाल@गोविंद अग्निहोत्री की रिपोर्ट...
राजधानी के शाहपुरा क्षेत्र से 29 जुलाई को लापता किशोरी को पुलिस ने मध्यप्रदेश के सागर के खुरई स्टेशन से बरामद किया है। पुलिस ने एक युवक को भी हिरासत में लिया है। 16 वर्षीय किशोरी के लापता होने के संबंध में किसी परिजन द्वारा गत दिवस डीजीपी ऋषि कुमार शुक्ला को ट्वीट किया गया था। शुक्रवार को डीजीपी के सक्रिय होते ही पूरा महकमा हरकत में आ गया। किशोरी को खुरई स्टेशन से बरामद कर परिजनों को इसकी खबर दे दी गई। परिजन भी किशोरी को लेने के लिए रवाना हो चुके हैं।
जानकारी के अनुसार शाहपुरा के एक अपार्टमेंट में रहने वाले परिवार ने अपनी बेटी के लापता होने की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई थी। परिजन 4 दिनों तक किशोरी को तलाशते रहे, जब नहीं मिली तो किसी ने गत दिवस डीजीपी को ट्वीट कर दिया। ट्वीट की जानकारी मिलते ही, डीजीपी ने तुरंत ट्वीट का जवाब दिया। उनके जवाब देते ही पूरा महकमा किशोरी की तलाश में सक्रिय हो गया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस को यह पता चल सका कि किशोरी खुरई में है। खुरई पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही खुरई पुलिस भी जांच में जुट गई।
खुरई एसडीओपी रवि प्रकाश भदौरिया ने बताया शुक्रवार शाम पुलिस को रेलवे स्टेशन पर एक युवक और किशोरी के बैठे होने की खबर मिली थी। टीआई विजय तोमर ने पीएसआई सुरभि के साथ स्टेशन जाकर किशोरी से पूछताछ की तो उसने अपना परिचय बताया। लापता किशोरी के बरामद होते ही पुलिस ने उसे थाने लाकर खबर शाहपुरा थाना पुलिस को दी।
किशोरी के मिलने की खबर लगते ही पुलिस और परिजन शाम को ही खुरई रवाना हो गए। इधर, खुरई पुलिस किशोरी के साथ स्टेशन पर मिले युवक से पूछताछ कर रही है। फिलहाल ऐसी कोई खास जानकारी पुलिस के हाथ नहीं लगी है।