भोपाल

मर्ज दूर करने का दावा करने वाली, डिस्पेंसरियां खुद हैं ‘बीमार’

राजधानी में संचालित हो रहीं २० डिस्पेंसरियों में से अधिकतर जूझ रही स्टाफ और संसाधनों की कमी से
2 min read
• •
Updated: 9 May 2018, 11:08 AM IST
hospital
hospital

भोपाल. मूलभूत सुविधाओं में शामिल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बरती जा रही अनदेखी शहरवासियों की सेहत पर भारी पड़ रही है। ये स्थिति तब है जब स्वास्थ्य योजनाओं समेत संसाधन मुहैया कराने के नाम पर सालाना करोड़ों रुपए खर्च किए जाने का दावा किया जाता है। राजधानी के दूर-दराज के क्षेत्रों समेत घनी आबादी वाले क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्र और डिस्पेंसरियां शुरू की गई थीं, यहां डॉक्टर्स की नियुक्ति के साथ ही सर्पोटिंग स्टाफ की तैनाती कागजों में तो दिखाई देती है, पर हकीकत बिलकुल जुदा है।

शहर में संचालित हो रहीं २० डिस्पेंसरियों में से आधे में स्टाफ ही नहीं है। नतीजतन ये डिस्पेंसरियां महज शोपीस बनकर रह गई हैं, यहां इलाज कराने आने वाले मरीजों को मौसमी बीमारियों तक की दवाएं मुहैया नहीं हो रही हैं। कई डिस्पेंसरियों में तो नर्स के जिम्मे ही इलाज और दवा वितरण का काम है। नतीजतन मरीजों को १२५० या हमीदिया अस्पताल जाने की सलाह दे दी जाती है। ऐसे में अधिकतर मरीज निजी नर्सिंग होम या डॉक्टरों से इलाज कराने को मजबूर हैं। नए भोपाल में स्वास्थ्य विभाग द्वारा २० डिस्पेंसरियों का संचालन किया जा रहा है, पर यहां भी हालात खराब हैं। कई डिस्पेंसरियों में न तो पर्याप्त स्टाफ है और न ही संसाधन।

दस में नहीं है डॉक्टर
स्वास्थ्य विभाग द्वारा राजधानी में संचालित की जा रहीं २० डिस्पेंसरियों में से दस में डॉक्टर ही नहीं हैं। यहां ड्यूटी पर तैनात नर्स ही मरीजों का इलाज कर रही हैं और उन्हें दवाएं भी वितरित करती हैं। ऐसे में लोगों को इन डिस्पेंसरियों का लाभ नहीं मिल रहा है।

डॉक्टर मिलें तो दवाएं नहीं मिलती
पंचशील नगर निवासी कन्हैया पाल ने बताया कि घर के पास डिस्पेंसरी है लेकिन यहां डॉक्टर नहीं बैठते। यदि कभी डॉक्टर मिल भी जाएं तो दवाएं नहीं मिलतीं। यही स्थिति रवींद्र भवन के पास स्थित डिस्पेंसरी की है। स्थानीय रहवासियों के मुताबिक ये डिस्पेंसरी अकसर बंद रहती है। ११०० क्वार्टस में प्रभारी डॉक्टर पिछले दो महीने से अवकाश पर थीं।

कहां कितनी डिस्पेंसरी
राजधानी के गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गोविंदपुरा, आनंद नगर, कोकता, पिपलानी, बरखेड़ा पठानी, बाग सेवनिया में डिस्पेंसरी संचालित की जा रही हैं, इसी तरह मध्य भोपाल विधानसभा क्षेत्र में ११०० क्वार्टस, शासकीय प्रेस, पंचशील नगर, कमला नगर, सेवनिया गौड़, प्रोफेसर कॉलोनी, वल्लभ भवन, सतपुड़ा भवन, विंध्याचल, विधायक विश्राम गृह के अलावा २५वीं, ७वीं और २३वीं बटालियन में डिस्पेंसरी है। उत्तर विधानसभा क्षेत्र में अहमदाबाद पैलेस क्षेत्र में डिस्पेंसरी संचालित की जा रही है।

सीएचसी की हालत भी खराब
कोलार और नीलबड़ क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तो बनाए गए हैं, पर यहां भी मरीजों को पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल सकी हैं। कोलार स्थित स्वास्थ्य केंद्र में कागजों में भले ही दस डॉक्टरों की तैनाती दिखाई गई है, पर अधिकतर मरीजों को इलाज के लिए जेपी अस्पताल और हमीदिया रैफर कर दिया जाता है। नीलबड़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक साल से डॉक्टर की तैनाती नहीं की गई है।

डिस्पेंसरियों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों एवं स्टाफ की नियुक्ति के लिए प्रस्ताव भेजा है। मंजूरी मिलने पर स्वास्थ्य केंद्रों एवं डिस्पेंसरियों में व्यवस्थाएं बेहतर की जा सकेंगी। स्टाफ कम होने पर अतिरिक्त ड्यूटी लगाई जा रही है ताकि मरीजों को परेशानी न हो।
आई के चुघ, अधीक्षक, जेपी अस्पताल

Published on: