भोपाल

विधानसभा के शीतकालीन सत्र में पेश हो सकता है विधान परिषद का प्रस्ताव

विधानसभा के शीतकालीन सत्र में पेश हो सकता है विधान परिषद का प्रस्ताव, सीएम की मंजूरी के बाद कैबिनेट में आएगा मसौदा - सरकार ने तेज की कवायद- 29 अक्टूबर को अधिकारियों की बैठक  
2 min read
• •
Updated: 27 Oct 2019, 11:29 AM IST
vidhan.jpg

भोपाल : सरकार ने विधान परिषद का मसौदा तैयार कर लिया है। इस मसौदे पर मुख्यमंत्री कमलनाथ की मुहर लगनी बाकी है। सीएम की मंजूरी के बाद इस प्रस्ताव को कैबिनेट की बैठक में रखा जाएगा। सरकार को उम्मीद है कि दिसंबर में होने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र में इसे पेश किया जा सकता है। वहीं इस संबंध में मुख्य सचिव एसआर मोहंती ने सभी विभागों के प्रमुख सचिवों की बैठक बुलाई है। विधान परिषद के गठन के बाद मध्यप्रदेश देश का आठवां राज्य हो जाएगा। इससे पहले सात राज्यों में विधान परिषद की व्यवस्था है। कांग्रेस ने अपने वचन पत्र में विधान परिषद बनाने का वादा किया था। इस वचन को पूरा करने के लिए अब सरकार ने विधान परिषद गठन की कवायद तेज कर दी है। मसौदे के हिसाब से प्रदेश की विधानपरिषद में 76 सदस्य होंगे।

इस तरह होगा गठन :
विधानसभा में दो तिहाई सदस्य विधान परिषद गठन के प्रस्ताव को पारित करेंगे। इस प्रस्ताव को केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा। केंद्र सराकर इस प्रस्ताव को लोकसभा और राज्यसभा से पारित कराएगी। दोनों सदनों में प्रस्ताव पारित होने के बाद इसे राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के लिए भेजा जाएगा। राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के साथ ही प्रदेश में विधान परिषद के गठन की संवैधानिक प्रकिया शुरु हो जाएगी।

पहले भी दो बार हो चुकी पहल :
प्रदेश में विधान परिषद के गठन की पहल पहले भी दो बार हो चुकी है। दिग्विजय सिंह के पहले कार्यकाल के बाद हुए चुनाव में कांग्रेस इसे अपने मेनीफेस्टो में शामिल किया था। लेकिन ये प्रस्ताव विधानसभा तक भी नहीं पहुंच पाया। इससे पहले 1967 में डीपी मिश्रा सरकार ये प्रस्ताव लेकर आई थी। उस समय 90 सदस्यीय विधान परिषद बनाने का संकल्प विधानसभा में पारित हो गया था। इस संकल्प को केंद्र सरकार के पास भेजा गया था लेकिन उससे आगे प्रक्रिया नहीं बढ़ी।


- विधान परिषद गठन का मसौदा तैयार हो गया है। मुख्यमंत्री की मुहर के बाद इसे कैबिनेट में पेश किया जाएगा। यदि मुख्यमंत्री की मंजूरी हो गई तो अगले विधानसभा सत्र में इस प्रस्ताव को पेश किया जा सकता है।

डॉ गोविंद सिंह संसदीय कार्य मंत्री -

Updated on:
27 Oct 2019, 11:29 AM IST
Published on: