
भोपाल. मध्य प्रदेश विधानसभा का पांच दिवसीय मानसून सत्र सोमवार से करीब 11 बजे शुरू हो गया। सत्र के शुरूआत में ही नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने अविश्वास प्रस्ताव के साथ ई टेंडर को बड़ा घोटाला बताते हुए सरकार से जवाब मांगा। भाजपा भी इसका जवाब देने में पीछे नहीं दिखी। सहकारिता राज्यमंत्री विश्वास सारंग और राजस्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता के बयान, कहा - पहले कांग्रेस परिवार का विश्वास जीते, तब अविश्वास प्रस्ताव लाए। मानसून सत्र के शुरूआत से ही हंगामें के आसार बने हुए है।
#LIVE updates MP Assembly monsoon session 2018
02:00PM- कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित।
01:54PM - विधानसभा में 11 हज़ार 190 करोड का प्रथम अनुपूरक बजट पेश, 26 जून को अनुपूरक बजट होगी चर्चा।
01:07PM - कांग्रेस विधायक रामनिवास रावत ने अविश्वास प्रस्ताव की सदन में सूचना दी।
12:55PM- सदन के अंदर कांग्रेस विधायक हरदीप सिंह डंग ने पोस्टर लहराकर की मन्दसौर गोली काण्ड की जांच रिपोर्ट सदन में रखने की मांग।
12:55PM- सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थिगित
12:51PM - सदन में हंगामा
12:42PM - कांग्रेस ने की मंदसौर गोली कांड की रिपोर्ट सदन में रखे जाने की मांग।
11:42AM - विधानसभा सचिवालय ने विधानसभा में विधायकों को कल सुबह 10 बजे आने का समय दिया है। सत्र के दूसरे दिन कल सुबह 10 बजे ग्रुप फोटो सेशन होगा। वहीं विपक्ष का कहना है कि अब तक अंतिम सत्र में ग्रुप फोटो सेशन की परंपरा रही है। कल ग्रुप फोटो सेशन के लिए मिले समय से सत्र के जल्द खत्म होने की आशंका बढ़ गयी है।
11:35AM- सदन ने उर्मिला सिंह पूर्व राज्यपाल हिमाचल प्रदेश, बालकवि बैरागी पूर्व विधान सभा सदस्य, दशरथ जैन पूर्व विधान सभा सदस्य, महराज सिंह पूर्व विधान सभा सदस्य, राजेन्द्र सिंह पूर्व विधान सभा सदस्य, हेमचन्द यादव पूर्व विधानसभा सदस्य,निर्मल हिरावल पूर्व सदस्य विधान सभा, एल पी शाही पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और सिद्धप्पा न्यामगोड़ा पूर्व केंद्रीय उपमंत्री को श्रद्धांजलि दी।
11:10AM - सदन में कांग्रेस ने कार्यसूची को लेकर आपत्ति उठाई, कहा - पहले ही दिन अनुपूरक बजट और सूची में कई शासकीय कार्य। कांग्रेस ने आरोप लगाते हुए कहा - 5 दिन भी सत्र चलाने के मूड में सरकार नहीं है।
11:00AM - सदन में प्रवेश से पहले कांग्रेस विधायकों ने नारेबाजी की।
10:58AM - नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह का बयान, अविश्वास प्रस्ताव सदन में लाकर ही रहेंगे। कितना भी पारिवारिक स्तर पर मुझे परेशान कर ले। बात परिवार की नहीं पूरे प्रदेश की है। सरकार चर्चा से बच रही है इसीलिए कार्य सूची छोटी की है।
10:55AM - संसदीय कार्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा का बयान, जो परिवार का विश्वास नहीं जीत पाया वह क्या रखेगा अविश्वास प्रस्ताव। कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है। अविश्वास प्रस्ताव किस चीज का लेकर आ रही है। मंत्री ने दिया बयान में कहा, जिस पार्टी ने किये है इतने घोटाले, वह कैसे ला सकती है अविश्वास प्रस्ताव।
10:54AM - सहकारिता राज्यमंत्री विश्वास सारंग और राजस्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता का बयान, कहा - पहले कांग्रेस परिवार का विश्वास का जीते, तब लाए अविश्वास प्रस्ताव।
10:52AM - विधायक जीतू पटवारी ने दिया अविश्वास प्रस्ताव पर बयान। कहा - 4 महीने की बची है सरकार। करोड़ों का घोटाला किया है, घोटालों का जवाब नहीं दे सकती तो परिवार तंज कस रही है। सरकार से मांगा जवाब कहा - प्रदेश की जनता की आवाज सरकार न दबाए।
10:50AM - कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह का बयान बीजेपी सरकार में हुए हैं अनेक भ्रष्टाचार। सबसे बड़े ही टेंडर घोटाले को रखा जाएगा पटल पर।
10:48AM - विधानसभा का मानसून सत्र शुरू, नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने दिया बयान, कहा - अविश्वास प्रस्ताव पटल पर रखा जाएगा। सभी विधायकों का साथ रहेगा। ई टेंडर को बताया बड़ा घोटाला, कहा सरकार जवाब दे।
पांच दिन चलेगा MP Assembly monsoon session 2018
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले का यह पांच दिन का सत्र 25 से 29 जून तक चलेगा। पांच दिवसीय सत्र में पांच बैठकें होंगी। स्थगन और ध्यानाकर्षण 20 जून तक लिए जाएंगे। नेता प्रतिपक्ष का कहना है कि हमने सत्र की अवधी बढ़ाने की मांग की है लेकिन अब तक हमारी मांग नहीं मानी गई। जानकारी के मुताबिक विधानसभा सचिवालय के कर्मचारियों की सेवा आयु बढ़ाने के लिए भी मप्र विधानसभा सेवायुक्त विधेयक लाया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त धर्मशाला विधि विवि विधेयक, लोकतंत्र सेनानी सम्मान विधेयक सहित भू राजस्व संहिता, मप्र वृत्तिकर, नगर पालिका मनोरंजन कर व अमोद-प्रमोद, नगर पालिक मुद्रांक शुल्क प्रभार, निजी विवि स्थापना व संचालन संशोधन विधेयक भी सरकार इस सत्र में ला सकती हैं। विधानसभा के अंतिम सत्र में करीब 1359 सवालों में से करीब 1280 सवालों को स्वीकार कर, उनके जवाबों के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया है।
पिछले सत्र में आया था अविश्वास प्रस्ताव
पिछले सत्र में महिला सुरक्षा के मामले को लेकर तीखी नोकझोक के बाद विपक्ष विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया था, लेकिन चर्चा नहीं हुई और भारी हंगामे के बाद बजट सत्र में ही मध्यप्रदेश विधानसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी। जिसके बाद कांग्रेस ने इसे काला दिन बताया था। बीते बुधवार को नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने विधानसभा में प्रमुख सचिव एपी सिंह को राज्य सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस देकर सूचना दी थी। नोटिस देने के बाद अजय सिंह ने उम्मीद जतायी कि विधानसभा में इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा होगी।