भोपाल

Loksabha Election 2024 : भोपाल से भाजपा ने दिया आलोक शर्मा को टिकट, जानिए इनकी पूरी प्रोफाइल

जानें भाजपा द्वारा भोपाल लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में उतारे गए आलोक शर्मा की पूरी प्रोफाइल।

2 min read
Alok Sharma bjp candidate loksabha election 2024
Loksabha Election 2024 : भोपाल से भाजपा ने दिया आलोक शर्मा को टिकट, जानिए इनकी पूरी प्रोफाइल

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भाजपा ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। 16 राज्यों और 2 केन्द्र शासित प्रदेशों में से 195 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का निर्णय हुआ है। इनमें मध्य प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों में से 24 सीटों पर नाम घोषित कर दिए गए हैं। बात करें प्रदेश की राजधानी भोपाल लोकसभा सीट की तो यहां से भारतीय जनता पार्टी ने आलोक शर्मा को उम्मीदवार बनाया है।

भाजपा का गढ़ मानी जाने वाली भोपाल लोकसभा सीट से पार्टी ने पूर्व महापौर आलोक शर्मा को उम्मीदवारी सौंपी है। बता दें कि, मौजूदा समय में भी भोपाल लोकसभा सीट पर भाजपा का ही कब्जा है। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा नेत्री साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को 3,64,822 वोटों के अंतर से हराया था। साध्वी प्रज्ञा और दिग्विजय सिंह के बीच हुए मुकाबले के दौरान भोपाल लोकसभा सीट काफी चर्चा में रही थी। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस सीट पर कांग्रेस किसे मैदान में उतारती है। फिलहाल, हम जानते हैं भाजपा द्वारा मैदान में उतारे गए आलोक शर्मा की पूरी प्रोफाइल।

भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा द्वारा उम्मीदवार बनाए गए आलोक शर्मा इससे पहले पार्टी के कई पदों पर रह चुके हैं। पूर्व महापौर और पूर्व जिला अध्यक्ष रहे हैं। यही नहीं, आलोक शर्मा को मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेहद करीबी नेताओं में से एक माना जाता है।

भोपाल की उत्तर विधानसभा सीट पर सक्रीय रहने वाले आलोक शर्मा दो बार यहां से विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। हालांकि, दोनों ही बार उन्हें यहां से हार का सामना करना पड़ा है। साल 2008 में आरिफ अकील के सामने वो भाजपा के टिकट पर ही विधानसभा चुनाव के मैदान में उतरे थे, जबकि साल 2023 के विधानसभा चुनाव में वो पूर्व विधायक आरिफ अकील के बेटे आतिफ अकील के सामने उतरे थे।

Updated on:
02 Mar 2024 07:39 pm
Published on:
02 Mar 2024 07:36 pm