18 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

MP के 12 से अधिक धार्मिक शहरों का बदलेगा नक्शा, 50 साल तक का बनेगा मास्टर प्लान

MP Religious cities master plan: मध्य प्रदेश के धार्मिक शहरों की तस्वीर आने वाले सालों में बदलने वाली है। उज्जैन, ओंकारेश्वर, ओरछा समेत कई शहरों का 50 साल का मास्टर प्लान बनेगा।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भोपाल

•

image

Akash Dewani

•

Updated: 18 Nov 2026, 7:04 AM IST

religious cities master plan 50 years planning ujjain

Religious cities master plan: 12 से अधिक धार्मिक शहरों का बदलेगा नक्शा (फोटो सोर्स- MP Tourism)

MP Religious cities master plan:प्रदेश के धार्मिक शहरों उज्जैन, ओंकारेश्वर, ओरछा, चित्रकूट आदि के लिए धार्मिक शहरों इंटीग्रेटेड मास्टर प्लान तैयार किए जाएंगे। इसमें इन नगरों के सामाजिक, आर्थिक विकास को देखते हुए आगामी 30 से 50 साल का प्लान बनेगा। मुख्यतः सड़कों के चौड़ीकरण, पार्किंग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पवित्र नदियों के संरक्षण और श्रद्धालुओं की हॉस्पिटेलिटी की अच्छी व्यवस्था को विशेष रूप से ध्यान में रखा जाएगा। इससे यहां आने वाले धार्मिक पर्यटकों को परेशानी नहीं होगी।

टाउन एंड कंट्री प्लानिंग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए जिला कलेक्टर्स की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और विशेषज्ञों को मिलाकर एक समिति गठित की जाएगी। यह समिति वर्तमान और आगामी 50 साल की जरूरतों का खाका तैयार करेगी। इसे अंतिम रूप टाउन एंड कंट्री प्लानिंग की टीम करेगी। इसमें अभी तक संबंधित धार्मिक नगरी में आए अधिकतम श्रद्धालुओं का डेटा भी जुटाया जा रहा है। उसके अनुरूप ही प्लानिंग होगी। ताकि श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं विकसित की जा सके।

बन रहे लोक

अभी उज्जैन के महाकाल लोक की तर्ज पर कई धार्मिक नगरों में लोक विकसित किए जा रहे हैं। ओरछा में रामराजा लोक, सलकनपुर और पीतांबरा पीठ दतिया में देवी लोक, मैहर में मां शारदा लोक, जानापाव में भगवान परशुराम लोक का विकास किया जा रहा है। चित्रकूट में राम वन गमन पथ बन रहा है। ओंकारेश्वर में ममलेश्वर लोक बन रहा है।

हेरिटेज का संरक्षण

धार्मिक स्थल पर बने प्राचीन स्थलों और हेरिटेज का मूल स्वरूप में रखने और उसके संरक्षण की व्यवस्था होगी। जैसे महेश्वर के देवी अहिल्या द्वारा बनवाए गए घाट और महल, ओरछा में बुंदेला शासकों द्वारा बनवाई गई छतरियां और भवन, चित्रकूट में भगवान राम के वनवास काल से जुड़े प्राचीन स्थल आदि के संरक्षण को भी प्लान में शामिल किया जाएगा।

ये प्रमुख शहर जिनका बनेगा मास्टर प्लान

उज्जैन, ओंकारेश्वर, महेश्वर, मैहर, चित्रकूट, अमरकंटक, सलकनपुर, पीतांबरा पीठ (दतिया), रामराजा मंदिर (ओरछा), भोजपुर, मांडू, सांची आदि।

इन पर रहेगा फोकस

मूलभूत सुविधाएं: शहर चौंड़े मार्ग, अच्छा पहुंच मार्ग, धर्मशाला और होटल के विकास के लिए जमीन, आधुनिक और वृहद पार्किंग व्यवस्था, पब्लिक ट्रांसपोर्ट, पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित मार्ग, जलप्रदाय की भरपूर व्यवस्था।

स्वच्छता एवं पर्यावरणः धार्मिक शहरों की पवित्र नदियों का संरक्षण, शुद्ध पेयजल, पर्याप्त सार्वजनिक शौचालय, सफाई अनुकूल निर्माण, नदी घाटों की सफाई और सुरक्षा, 24 घंटे आपातकालीन चिकित्सा सेवा पर प्लानिंग होगी।

धार्मिक स्थल के आसपास पर्याप्त जगहः मास्टर प्लान में धार्मिक स्थल के आसपास पर्याप्त खाली स्थान का विशेष ध्यान रखा जाएगा। व्यविस्थत और सभी सुविधाओं वाला परिक्रमा मार्ग व यात्रियों के रुकने संबंधित व्यवस्था।

50 साल तक की होगी प्लानिंग- संचालक

प्रदेश में तेजी से धार्मिक पर्यटन बढ़ा है। विभिन्न पर्यटन केंद्रों में भी सैलानियों की संख्या बढ़ी है। नए प्लान से शहरों में 30-50 साल तक की प्लानिंग तैयार की जाएगी। ताकि लोगों को वहां असुविधा न हो।- कौशलेंद्र विक्रम सिंह, संचालक, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग मप्र