
Jabalpur Greater Ring Road: तीन नेशनल हाईवे को जोड़ेगी जबलपुर की ग्रेटर रिंग रोड (फोटो सोर्स- Magnific Demo Pic)
Road Widening: मध्य प्रदेश के जबलपुर में 112 किलोमीटर लंबी ग्रेटर रिंग रोड (Jabalpur Greater Ring Road) डेढ़ साल में बनकर तैयार हो जाएगी। यह शहर से गुजरने वाले तीन राष्ट्रीय राजमार्गों को आपस में जोड़ेगी। हालांकि, रिंग रोड से शहर के प्रमुख हिस्सों को जोड़ने वाली कनेक्टिंग सड़कें नहीं बनीं तो इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाएगा।
जबलपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने शहर को रिंग रोड से जोड़ने के लिए तीन जंक्शन पर लिंक रोड बनाने की योजना तैयार की है। इनमें से एक सड़क बनकर तैयार हो गई है, जबकि दूसरी पर काम जारी है और तीसरी योजना शुरुआती चरण में है।
शहर में बढ़ती आबादी और तेजी से हो रहे विस्तार के कारण सड़कों पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में रिंग रोड को शहर की प्रमुख सड़कों से जोड़ने के लिए लिंक रोड का नेटवर्क विकसित करना जरूरी है। इसके लिए शहर के नियोजित विस्तार और नई विकास योजनाओं को लागू करने में मास्टर प्लान की अहम भूमिका है। विडंबना यह है कि दो महीने पहले तैयार हो चुका मास्टर प्लान अब तक गजट नोटिफिकेशन के इंतजार में है। इसके अटकने से विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में भी बाधा आ रही है। इसे कोर्ट के आदेश की अवमानना से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
पाटन रोड पर नुनसर से आगे रिंग रोड तक जाने वाली सड़क। इस क्षेत्र में तेजी से शहरी विस्तार हो रहा है।
दमोह रोड, जो अब राष्ट्रीय राजमार्ग में शामिल है। इसका चार लेन में विस्तार जरूरी है।
खजरी बायपास से पुरैना मार्ग का चौड़ीकरण।
निवास रोड का चौड़ीकरण।
निवास रोड पर पिपरिया होते हुए एयरपोर्ट रोड तक सड़क का चौड़ीकरण।
आईटीआई तिराहे से कटंगी रोड का चौड़ीकरण।
शहर का नया मास्टर प्लान लागू होने के बाद प्रस्तावित निवेश क्षेत्र में विकास योजनाओं का विस्तार किया जा सकेगा। नगर के पाटन बायपास, माढ़ोताल और आईटीआई की ओर तेजी से विकास हो रहा है। यहां नई कॉलोनियां भी बस रही हैं। इंजीनियर और टाउन प्लानर संजय वर्मा के अनुसार, इस क्षेत्र में रिंग रोड से कनेक्टिविटी मिलने पर सड़क नेटवर्क बेहतर होगा और विकास को गति मिलेगी। नए निवेश क्षेत्र में सड़क, परिवहन और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास की संभावनाएं बढ़ेंगी। इससे आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों को भी विस्तार मिल सकेगा। बेहतर सड़क संपर्क होने से शहर के अन्य हिस्सों तक पहुंच आसान होगी।
रिंग रोड से शहर को जोड़ने के लिए जेडीए ने तीन प्रमुख स्थानों पर लिंक रोड बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है। इनमें 0 डिग्री से पाटन बायपास तक सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है। यह सड़क नागपुर रोड और कटनी रोड से होते हुए रिंग रोड तक कनेक्टिविटी देती है। वहीं, विजय नगर की ओर से पाटन बायपास तिराहे पर लाल हवेली के पास तक सड़क निर्माण के लिए अर्थवर्क का काम जारी है। इसके अलावा माढ़ोताल पुल के समीप से लिंक रोड को आगे रिंग रोड से जोड़ने की योजना शुरुआती चरण में है। इन सड़कों के तैयार होने से शहर की प्रमुख सड़कों पर यातायात का दबाव कम हो सकेगा।
रिंग रोड से कनेक्टिविटी के लिए प्राधिकरण ने तीन प्रस्ताव तैयार किए हैं। इनमें 0 डिग्री से पाटन बायपास तक सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है। पाटन बायपास तिराहे पर लाल हवेली के पास तक सड़क जोड़ने के लिए अर्थवर्क जारी है। वहीं, माढ़ोताल पुल के समीप से लिंक रोड को रिंग रोड से जोड़ने का प्रस्ताव शुरुआती चरण में है।- संजय खरे, अधीक्षण यंत्री, जेडीए
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
16 Nov 2026, 12:58 PM IST
Published on:
16 Nov 2026, 12:58 PM IST
बड़ी खबरें
View Allजबलपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़




