भोपाल

Lok Sabha Elections 2024: कांग्रेस की लिस्ट भी चौंकाएगी, सिंधिया-शिवराज के खिलाफ कौन लड़ेगा?

Lok Sabha Elections 2024: आज शाम को तय हो जाएगा ज्योतिरादित्य सिंधिया, शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ कौन होगा कांग्रेस का प्रत्याशी...।
2 min read
Mar 21, 2024
mp-congress-candidate-list.png

INC Candidates List For Lok Sabha Elections 2024- लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है, लेकिन कांग्रेस उम्मीदवारों की लिस्ट अभी बाकी है। प्रदेश की 10 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी कांग्रेस में शेष सीटों पर मंथन लगभग पूरा हो गया है। सभी नामों पर चर्चा हो चुकी है।

गुरुवार को दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में अंतिम मुहर लग गई। इस बैठक में सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी ने उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दिया। भाजपा की ही तरह कांग्रेस भी अपनी लिस्ट में सभी को चौंकाने वाली है। सभी की निगाह ऐसे प्रत्याशी पर टिकी हुई है जो ज्योतिरादित्य सिंधिया और शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ चुनाव मैदान में उतारा जाएगा।

मध्यप्रदेश की 29 लोकसभा सीटों पर चुनाव होने वाले हैं। इस बार कांग्रेस ने 50 प्रतिशत सीटों पर युवाओं को टिकट देने का निर्णय लिया है। ऐसे में संभावना है कि कई चौंकाने वाले नाम सामने आ सकते हैं। भाजपा प्रदेश की सभी 29 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। नामांकन भी दाखिल होने लगे हैं, लेकिन कांग्रेस इसमें पिछड़ी है। हालांकि पहले चरण जिन छह सीटों के लिए अधिसूचना जारी हुई है, उसमें से तीन पर कांग्रेस उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। इनमें सीधी, मंडला, छिंदवाड़ा शामिल हैं। शहडोल, जबलपुर बालाघाट में उम्मीदवारों का चयन होना है। अन्य सीटों पर भी नाम तय होना है। कांग्रेस पर दबाव है कि दिग्गज नेताओं को मैदान में उतारा जाए। निर्णय पार्टी स्तर पर लेना है।

चर्चित सीटों पर निगाहें: प्रदेश की कुछ सीटें भाजपा के दिग्गज नेताओं के मैदान में आने के कारण चर्चा में हैं। इनमें गुना, विदिशा, खजुराहो प्रमुख हैं। गुना से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विदिशा से पूर्व सीएम शिवराज सिंह एवं खजुराहो से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा मैदान में हैं। इनके मुकाबले में उतारने के लिए कांग्रेस ने पत्ते नहीं खोले हैं। खजुराहो सीट कांग्रेस ने सपा के लिए छोड़ी है।

सूत्रों के हवाले से जो नाम अभी निकलकर सामने आ रहे हैं उनमें दिग्विजय सिंह, अरुण यादव और कांतिलाल भूरिया का नाम भी शामिल है। तो चलिए आपको बताते हैं कि कौन सा नेता कहां से चुनाव लड़ सकता है।

- बालाघाट से हिना कांवरे
- नर्मदापुरम से संजय शर्मा
- राजगढ़ से दिग्विजय सिंह
- गुना से अरुण यादव
- झाबुआ से कांतिलाल भूरिया
- मंदसौर से दिलीप गुर्जर या भानूप्रताप
- उज्जैन से महेश परमार
- इंदौर से अक्षयकांति बम
- सागर से गुड्डू राजा बुंदेला
- रीवा से नीलम अभय मिश्रा
- भोपाल से अरुण श्रीवास्तव

इन सीटों पर कांग्रेस कर चुकी है उम्मीदवारों का ऐलान

छिंदवाड़ा से नकुलनाथ
सीधी से कमलेश्वर पटेल
सतना से सिद्धार्थ कुशवाहा
भिंड से फूल सिंह बरैया
मंडला से ओमकार मरकाम
देवास से राजेन्द्र मालवीय
खरगोन से पोरलाल खरते
टीकमगढ़ से पंकज अहिरवार
धार से राधेश्याम
बैतूल से रामू टेकाम

प्रदेश में आम आदमी पार्टी चुनाव नहीं लड़ेगी। पार्टी ने तय किया है वह इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के उम्मीदवारों के पक्ष में काम करेगी। अन्य प्रभावी राज्यों में आप चुनाव लड़ेगी। निकाय चुनाव के दौरान मप्र में खाता खोल चुकी आम आदमी पार्टी ने विधानसभा चुनाव में किस्मत आमजाई थी। अब इंडिया गठबंधन के साथी होने के कारण सहयोगियों को मदद का निर्णय लिया है।

Updated on:
22 Mar 2024 08:06 am
Published on:
21 Mar 2024 09:30 am