भोपाल

सीजन में सबसे सर्द रही शनिवार की रात, दिन और रात के तापमान में तीन गुना अंतर

राजधानी में शनिवार को सीजन की सबसे सर्द रात दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान पिछले चार साल के सबसे कम 9 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया।

2 min read
Nov 26, 2017
winter starts in bhopal

भोपाल. राजधानी में इस बार सर्दी कई रिकार्ड तोड़ सकती है। इसके तेवर नवंबर माह के अंत में दिखने लगे हैं। राजधानी में शनिवार को सीजन की सबसे सर्द रात दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान पिछले चार साल के सबसे कम 9 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया।

हालांकि दिन का तापमान अभी भी सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। दिन और रात के तापमान में तीन गुना से अधिक का अंतर है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिन तक न्यूनतम तापमान फिलहाल एेसे ही रहने की संभावना है। इधर, प्रदेश के कई हिस्सो में शीतलहर शुरू हो गई है। विभाग ने चेतावनी जारी कर लोगों को ठंड से बचने के लिए कहा है।

रात के समय तेजी से बढ़ी सर्दी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले तीन दिन में न्यूनतम तापमान में लगभग 07 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा चुकी है। बुधवार को रात का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शनिवार को न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य तापमान से 03 डिग्री सेल्सियस कम था। दिन का तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य तापमान से 01 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

मध्यप्रदेश की राजधानी सहित प्रदेश के कई जिलों में सुबह और शाम सर्द हवा चलने से ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगर ऐसे ही मौसम रहा तो चार-पांच दिन तक ऐसी ही ठंड पड़ने के आसार हैं।

तापमान में आई गिरावट
प्रदेश के कई जिलों में लगातार तापमान गिर रहा है। इससे कई जिलों में सर्द हवाओं से ठिठुरन बढ़ी है। शनिवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 11.8 डिग्री, ग्वालियर का 6.3 डिग्री और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया

अरेरा पहाड़ी स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों के अनुसार वर्तमान में हवाएं लगभग उत्तरी हो गई हैं। एेसे में अब न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि दिन के समय अभी भी कई बार हवाएं दक्षिण-पूर्वी हो जाती हैं। एेसे में दिन का तापमान सामान्य से अधिक ही रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के रीवा, शहडोल, ग्वालियर, जबलपुर और सागर संभाग में कहीं-कहीं शीतलहर चल सकती है।

Published on:
26 Nov 2017 12:00 pm