भोपाल

मध्यप्रदेश में कांग्रेस को एक बार फिर बड़ा झटका, एक और कांग्रेस विधायक ने दिया इस्तीफा

आठ दिनों में एक और कांग्रेस विधायक ने दिया इस्तीफा, भाजपा में शामिल होने की चर्चा...।
2 min read
• •
Updated: 17 Jul 2020, 4:08 PM IST
nepanagar.jpg

भोपाल। मध्यप्रदेश में एक ही सप्ताह में कांग्रेस (congress) को दूसरा बड़ा झटका मिला है। एक और कांग्रेस विधायक ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उनके भाजपा में शामिल होने की चर्चा है। मध्यप्रदेश भाजपा (madhya pradesh bjp) ने ट्वीट पर लिखा है कि अच्छा हुआ कि कमलनाथ सरकार जल्दी विदा हो गई। जिनसे अपना घर ही नहीं संभल पा रहा, वो न जाने प्रदेश का क्या हाल करते? इधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ (kamal nath) ने कहा कि भाजपा अब तक सौदा कर रही है।

बुरहानपुर जिले की नेपानगर (nepanagar) विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक (congress mla) सुमित्रा देवी कासडेकर (Sumitra Devi Kasdekar) ने शुक्रवार को इस्तीफा दिया है। उनके इस्तीफे के बाद कांग्रेस के विधायकों की संख्या घटकर 90 पहुंच गई है। पिछले सप्ताह ही बड़ा मलहरा से कांग्रेस विधायक प्रद्युम्न सिंह लोधी ने भी इस्तीफा दे दिया था। सुमित्रा देवी कासडेकर के इस्तीफे के बाद अब मध्यप्रदेश में विधानसभा की 26 सीटें खाली हो गई हैं। अब मध्यप्रदेश में जब उपचुनाव (by election) 26 सीटों पर होंगे।

राजस्थान में चल रही राजनीतिक उठापटक के बीच मध्यप्रदेश में भी कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। एक सप्ताह के भीतर राज्य में कांग्रेस के लिए यह दूसरा बड़ा झटका है। चर्चा है कि सुमित्रा देवी भी भाजपा में शामिल हो सकती हैं। इससे पहले रविवार को बड़ा मलहरा सीट से कांग्रेस विधायक प्रद्युम्न सिंह लोधी ने भी विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था और भाजपा ज्वाइन कर ली थी। भारतीय जनता पार्टी ने लोधी को पार्टी में शामिल होने के छह घंटे बाद ही नागरिक आपूर्ति निगम का अध्यक्ष बना दिया था। उन्हें कैबिनेट मंत्री का भी दर्जा मिल गया है। सुमित्रा देवी कासडेकर बुरहानपुर जिले की नेपानगर विधानसभा (nepanagar) से कांग्रेस की विधायक हैं। उनका पार्टी छोड़ने के पीछे असंतोष माना जा रहा है।

कमलनाथ बोले- मुझे तो पता था

नेपानगर से सुमित्रा देवी कास्डेकर के इस्तीफे के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का बयान आया है। उन्होंने कहा है कि मुझे कोई चिंता नहीं है जाने वालों की। मुझे तो पता था कि ऐसे एक-आध हैं जो चले जाएंगे, कोई आश्चर्य वाली बात नहीं थी। मेरे लिए इनका सौदा अभी तक चल रहा है। यह विधायकों को फोन कर रहे हैं , पैसे ले लो, पद ले लो, फलानी चीज ले लो।

Published on: