भोपाल

भोपाल की इस प्रज्ञा ठाकुर ने नामांकन लिया वापस, जानिए अब किसका करेंगी समर्थन

भोपाल की निर्दलीय प्रत्याशी प्रज्ञा ठाकुर ने नामांकन लिया वापस, जानिए अब किसका करेंगी समर्थन

2 min read
Apr 26, 2019
भोपाल की इस प्रज्ञा ठाकुर ने नामांकन लिया वापस, जानिए अब किसका करेंगी समर्थन

भोपाल। साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के समर्थन में निर्दलीय प्रत्याशी प्रज्ञा ठाकुर ने अपना नामांकन वापसी ले लिया। निर्दलीय प्रत्याशी प्रज्ञा ठाकुर शुक्रवार की सुबह भाजपा की भोपाल लोकसभा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के घर पहुंची।

निर्दलीय प्रत्याशी ने किया भाजपा का समर्थन

यहां निर्दलीय प्रत्याशी प्रज्ञा ठाकुर ने भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा के समर्थन में नाम वापस लेने और प्रचार करने की बात कही। निर्दलीय प्रत्याशी प्रज्ञा ठाकुर ने भारतीय जनता पार्टी की रीति नीति से प्रभावित होकर यह निर्णय लिया है।

निर्दलीय प्रत्याशी प्रज्ञा ठाकुर ने साध्वी प्रज्ञा के समक्ष उनका समर्थन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, प्रदेश उपाध्यक्ष रामेश्वर शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता राहुल कोठारी, राघवेंद्र शर्मा सहित सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

यह है भोपाल की हॉट सीट

लोकसभा चुनाव 2019 में देश की तमाम हॉट सीट में भोपाल लोकसभा सीट भी शामिल हो गई है। इसमें कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह मैदान में है, वहीं उनके सामने भाजपा ने मालेगांव बम ब्लास्ट में आरोपी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को मैदान में उतारा है।

दोनों ही प्रत्याशी एक दूसरे के धुर विरोधी हैं। प्रज्ञा दिग्विजय सिंह पर मालेगांव बम ब्लास्ट में फंसाने और प्रताड़ित करने समेत भगवा को आतंक से जोड़ने का आरोप लगाती हैं। वहीं दिग्विजय सिंह प्रज्ञा को भी कथित आतंकवादी बताते हैं।

साध्वी प्रज्ञा को चुनाव लड़ने से नहीं रोक सकते...
वहीं इससे पहले साध्वी को चुनाव लड़ने से रोकने के तहत कई तरह की शिकायतें व बातें भी सामने आईं, लेकिन इस पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की कोर्ट ने कहा है कि वह प्रज्ञा को चुनाव लड़ने से नहीं रोक सकती।

दरअसल प्रज्ञा की सेहत को ठीक बताते हुए कोर्ट से उनके लड़ने पर बैन लगाने की मांग की गई है। बता दें कि मालेगांव धमाकों में आरोपी प्रज्ञा की उम्मीदवारी के खिलाफ चुनाव आयोग में भी शिकायत की गई है।

एनआईए कोर्ट में प्रज्ञा ठाकुर के चुनाव लड़ने पर बैन लगाने की मांग करने वाले याचिकाकर्ता वकील ने कहा, 'वह खराब स्वास्थ्य को आधार बनाकर कोर्ट की कार्यवाही में शामिल नहीं हो रही हैं लेकिन वह चुनाव प्रचार में जुटी हुई है, जिसे देखकर लगता है कि वह बीमार नहीं हैं।'

वकील की दलील पर एनआईए कोर्ट ने कहा, 'वर्तमान चुनाव में इस अदालत के पास किसी को चुनाव लड़ने से रोकने की वैधानिक ताकत नहीं है। यह चुनाव अधिकारियों पर है कि वे इस बारे में फैसला करें। यह कोर्ट आरोपी नंबर 1 (प्रज्ञा ठाकुर) को चुनाव लड़ने से नहीं रोक सकती। इस संबंध में शिकायत खारिज की जाती है।'

एनआईए कोर्ट ने अपनी टिप्पणी में कहा, 'इस वक्त अदालत यह नहीं कह सकती कि आरोपी के खिलाफ कोई प्रथम दृष्टया मामला नहीं है, क्योंकि एनआईए ने प्रज्ञा पर लगे आरोप हटाने को खारिज करने के आदेश को हाई कोर्ट में चुनौती नहीं दी है।'

Updated on:
26 Apr 2019 01:28 pm
Published on:
26 Apr 2019 12:23 pm
Also Read
View All