भोपाल

Election 2019: शिवराज की टिप्पणी से IAS अफसर नाराज, आयोग से की शिकायत

चुनाव आयोग ने रिपोर्ट मंगाई, भाजपा ने भी शिकायत की, शिवराज की टिप्पणी से आइएएस लॉबी नाराज, आयोग से की शिकायत  

2 min read
Apr 26, 2019
shivraj singh chouhan news

भोपाल. छिंदवाड़ा कलेक्टर श्रीनिवास शर्मा पर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की टिप्पणी से आइएएस अफसर नाराज हैं। मध्यप्रदेश आइएएस एसोसिएशन ने इस पर सख्त ऐतराज जताते हुए चुनाव आयोग को चिट्ठी लिखी है। एसोसिएशन ने लिखा है कि आयोग इस तरह के मामलों को संज्ञान में ले और चुनाव में नैतिकता बनाए रखने के लिए एडवायजरी जारी करे।

शिवराज की टिप्पणी से आइएएस लॉबी नाराज

एसोसिएशन ने पत्र में लिखा कि एक पूर्व मुख्यमंत्री ने कलेक्टर जैसी संस्था को कमतर आंका है। उन्होंने सार्वजनिक सभा में जो टिप्पणी की वह दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसी टिप्पणी निष्पक्ष चुनाव में लगी मशीनरी को हतोत्साहित करती है।

आयोग ने छिंदवाड़ा कलेक्टर से रिपोर्ट मांगी

चुनाव आयोग ने इस मामले में छिंदवाड़ा कलेक्टर से भी रिपोर्ट मांगी है। उधर, शिवराज ने सीईओ वीएल कांताराव से कलेक्टर शर्मा की शिकायत कर उन्हें निर्वाचन प्रक्रिया से बाहर रखने की मांग की। आयोग ने एसीएस मनोज श्रीवास्तव को इसकी जांच का जिम्मा सौंपा है, जिस पर उन्होंने गुरुवार देर रात रिपोर्ट आयोग को सौंप दी।

सरकारी आदेश का हवाला

भाजपा ने हेलिकॉप्टर उड़ाने की अनुमति शाम 5 से बढ़ाकर 6 बजे करने के लिए प्रशासन को आवेदन किया था। इस मामले में छिंदवाड़ा कलेक्ट्रेट की विमान अनुमति शाखा के प्रभारी अधिकारी ने 23 अप्रेल को ही स्थानीय भाजपा नेताओं को पत्र लिखकर स्पष्ट कर दिया था कि मध्यप्रदेश सरकार के विमानन विभाग के आदेश के अनुसार हवाई पट्टी से विमान उड़ाने और उतारने की अनुमति सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक ही दी जा सकती है।

भाजपा का यह तर्क

भाजपा का आरोप है कि प्रशासनिक षड्यंत्र के चलते शिवराज के हेलिकॉप्टर को शाम 5 बजे के बाद उडऩे की अनुमति नहीं दी गई, जबकि डायरेक्टर जनरल सिविल एविएशन नियमों के मुताबिक सूर्यास्त के 20 मिनट बाद तक हेलिकॉप्टर उड़ाया जा सकता है। भाजपा ने शिकायत में कहा कि इस मामले में कलेक्टर पर राजनीतिक दबाव भी हो सकता है, उसकी भी जांच की जाए।

यह था मामला

बुधवार को जब शाम 5 बजे के बाद चौरई से शिवराज के हेलिकॉप्टर को उडऩे की अनुमति नहीं मिली। तब उन्होंने मंच से कहा था, ये पिट्ठू कलेक्‍टर सुन ले रे, हमारा भी समय आएगा रे, तब तुम्हारा क्या होगा।

लगाओ प्रतिबंध : कांग्रेस

शिवराज के बयान को लेकर कांग्रेस भी चुनाव आयोग जा पहुंची। कांग्रेस ने आयोग से शिकायत में कहा कि अब तक शिवराज के खिलाफ छह गंभीर शिकायतें की गई हैं। इसलिए उन पर प्रतिबंध लगाया जाए।

Published on:
26 Apr 2019 09:52 am
Also Read
View All