weather report: इन स्थानों पर तीन डिग्री बढ़ेगा तापमान, चलेंगे गर्म हवा के थपेड़े
भोपाल। मध्यप्रदेश में पिछले कुछ दिनों से चल रही ठंडक का असर अब जाने लगा है। इसी सप्ताह तीन से चार डिग्री तक तापमान बढ़ने से लोगों को परेशान होना पड़ सकता है। इसके अलावा मौसम विभाग ने लू की भी संभावना व्यक्त की है। इस गर्मी के कारण अगले सप्ताह अधिक गर्मी का अहसास होने की आशंका है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क रहा। अधिकतम तापमान सागर एवं चंबल संभाग के जिलों में काफी बढ़ा हुआ रहा। शेष संबागों के जिलों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। ये उज्जैन संभागों के जिलों में सामान्य से अधिक, जबलपुर एवं ग्वालियर संभागों के जिलों में सामान्य से कम तथा शेष संभागों के जिलों में सामान्य रहा। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 43 डिग्री खरगौन में रिकार्ड किया गया।
कहां कितना तापमान
-भोपाल का तापमान मंगलवार को 40 डिग्री पर पहुंच गया है, जबकि इस सप्ताह तीन डिग्री बढ़कर यह 43 पर पहुंच सकता है। जबकि न्यूनतम तापमान भी दो डिग्री बढ़ जाने से ज्यादा गर्मी का अहसास होगा।
-इंदौर का तापमान मंगलवार को 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है, जबकि इस सप्ताह तीन डिग्री बढ़ने की उम्मीद है। जबकि न्यूनतम तापमान तीन डिग्री बढ़कर 27 पर पहुंचने की संभावना है।
-जबलपुर का तापमान इस सप्ताह 44 डिग्री पर पहुंच सकता है। मंगलवार को 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है।
-ग्वालियर का तापमान मंगलवार को 42 डिग्री पर पहुंच गया है, जबकि पूरे सप्ताह यह 42 से 43 डिग्री के बीच बना रह सकता है।
-सागर का तापमान भी इस सप्ताह 43 डिग्री के पार पहुंच सकता है। मंगलवार को 40 डिग्री के बाद बुधवार को सीधे दो डिग्री के इजाफे का अनुमान है।
-उज्जैन का तापमान भी इस सप्ताह 43 डिग्री पर बना रहेगा। फिलहाल यहां का तापमान 41 डिग्री पर बना हुआ है।
गर्मी में रहे बचकर
-मौसम विभाग ने गर्मी से बचने के लिए कुछ सावधानियां भी जारी की है।
-सूर्य की किरणों के सीधे संपर्क में न आएं।
-हल्के रंग के सूती कपड़े पहने।
-अपने सिर को कपड़े या टोपी से ढंककर ही बाहर निकले।
-पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करे।