भोपाल

जो लहर में हारे, भाजपा फिर उनके सहारे

2013 में हारे 16 नेताआें को फिर दिया टिकट....
2 min read
• •
Updated: 9 Nov 2018, 7:48 AM IST
news
mp 230 seats result declared

भोपाल। भाजपा ने एक बार फिर उन नेताओं को टिकट दिया है, जो 2013 में मोदी-शिवराज लहर के बावजूद अपनी चुनावी नैया डुबा बैठे थे। पार्टी ने ऐसे 16 नेताओं पर फिर भरोसा जताया है। इनमें से 11 तो 2013 में विधायक रहते चुनाव हारे थे। इनमें तीन मंत्री भी शामिल थे।

2018 के संघर्ष और चुनौतीपूर्ण मुकाबले में पार्टी फिर इन्हीं नेताओं के सहारे चौथी बार और 200 पार का सपना संजोकर बैठी है।


ये विधायक हारे थे 2013 का चुनाव....
पार्टी ने अटेर से अरविंद भदौरिया को टिकट दिया है। भदौरिया 2013 का विधानसभा चुनाव और सत्यदेव कटारे के निधन के बाद हुआ उपचुनाव हार चुके हैं।

भितरवार से अनूप मिश्रा को प्रत्याशी बनाया है। मिश्रा पिछला चुनाव हारे थे। 2014 में मुरैना से सांसद बने।
राज्यमंत्री रहते हुए हरीशंकर खटीक को जतारा से हार का मुंह देखना पड़ा था। हालांकि, इनकी हार का अंतर बहुत कम था।

राज्यमंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह पवई से हारे थे। चित्रकूट से सुरेंद्र सिंह गहरवार की हार हुई थी। पार्टी ने उनको उपचुनाव में टिकट नहीं दिया था, लेकिन अब टिकट दिया है।

गुढ़ से नागेंद्र सिंह, जबलपुर पश्चिम से हरेंद्रजीत सिंह बब्बू, लांजी से रमेश भटेरे, परासिया से ताराचंद बावरिया, हरदा से कमल पटेल और इछावर से मंत्री करण सिंह वर्मा अपनी सीट नहीं बचा पाए थे।

इन्हें भी मिला था टिकट...
रसाल सिंह लहार से कांग्रेस विधायक डॉ. गोविंद सिंह के सामने प्रत्याशी हैं। ये 2013 में हारे थे।खरगापुर से राहुल लोधी भाजपा के प्रत्याशी हैं। ये 2013 में हारे थे।

चुरहट से शरदेंदु तिवारी फिर नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के सामने हैं। ये पहले भी हारे थे। कसरावद से आत्माराम पटेल चुनाव हारे थे। अब फिर टिकट दिया है।बड़वानी से प्रेमसिंह पटेल को 2013 की हार के बाद भी प्रत्याशी बनाया।

भाजपा के दिग्गज नेता भरवाएंगे नामांकन....
उधर नामांकन दाखिल करने के आखिरी दिन शुक्रवार को प्रदेश के सभी जिलों में भाजपा ने दिग्गज नेताओं की ड्यूटी लगाई है। इसमें केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय पदाधिकारी भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल, राजगढ़ और विदिशा में तो केंद्रीय मंत्री उमा भारती होशंगाबाद में प्रत्याशियों के नामांकन भरवाएगी।


इसी तरह केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सतना, जितेंद्र सिंह उज्जैन, सुरेश प्रभु खंडवा, राधामोहन सिंह खरगौन, बाबुल सुप्रियो सागर, नरेंद्र सिंह तोमर ग्वालियर, हंसराज अहीर छिंदवाड़ा, जसवंत सिंह भाभोर पेटलावद, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह जबलपुर, पार्टी उपाध्यक्ष प्रभात झा गुना और प्रदेश प्रभारी विनय सहस्रबुद्धे इंदौर में प्रत्याशियों के फॉर्म जमा कराएंगे।

Updated on:
9 Nov 2018, 7:48 AM IST
Published on: