
भोपाल-रामगंजमंडी रेल लाइन प्रोजेक्ट के आसपास भी रेलवे निर्माण की आड़ में जरूरत से ज्यादा खनन किए जाने के आरोप हैं। राजगढ़, ब्यावरा, खिलचीपुर, नरसिंहगढ़ और कुरावर क्षेत्र में ऐसे मामले सामने आए हैं, लेकिन खनिज विभाग की कार्रवाई सीमित नजर आ रही है। क्रेशर संचालक चट्टानी क्षेत्रों में बड़े स्तर पर खुदाई कर रहे हैं। लीज का दायरा सीमित होने के बावजूद आसपास के हिस्सों में भी खनन किया जा रहा है। कई जगह सरकारी जमीन पर खुदाई के बाद बड़े गड्ढे बन गए हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की निगरानी और कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।
रेल लाइन के आसपास सरकारी जमीन पर बड़े स्तर पर अवैध खनन किए जाने के आरोप हैं। क्रेशर प्लांट संचालकों और प्रभावी लोगों ने रेल लाइन के लिए खुदाई का तर्क देकर आसपास के हिस्सों में भी खनन किया। बताया जा रहा है कि कई जगह रेल लाइन के लिए निर्धारित जमीन के अलावा अन्य सरकारी हिस्सों में भी खुदाई की गई, जहां न लीज थी और न रॉयल्टी जमा की गई। राजगढ़ के आसपास ऐसे क्षेत्रों में खनन की जांच नहीं होने से मिलीभगत के आरोप भी लग रहे हैं।
हेडगेवार कॉलोनी से ब्यावरा मार्ग और खिलचीपुर की ओर रेल लाइन के आसपास बड़े स्तर पर खुदाई की गई है। क्रेशर संचालकों ने रेल लाइन के निर्माण की आड़ में आसपास के हिस्सों में भी खनन किया। संचालकों का तर्क है कि रेल लाइन के लिए खुदाई की गई, लेकिन शासन के रिकॉर्ड में अनुमति निर्धारित हिस्से तक ही होने की बात सामने आ रही है। बाकी जमीन पर खुदाई की जांच नहीं होने से अवैध खनन का दायरा स्पष्ट नहीं हो पाया है।
नरसिंहगढ़ क्षेत्र में अवैध खनन के सर्वाधिक मामले सामने आ रहे हैं। रेलवे लाइन की आड़ में क्रेशर संचालकों और ठेकेदारों ने कई हिस्सों में बड़े स्तर पर खुदाई की है। सोनकच्छ, शंकरपुरा, पलासी, संवासी बल्डी सहित अन्य क्षेत्रों में खनन जारी है। सोनकच्छ-पलासी में पट्टी की जमीन पर भी अवैध खनन के आरोप हैं, जहां खनन प्रतिबंधित बताया जा रहा है। खुदाई से कई जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भरने पर तालाब जैसी स्थिति बन सकती है।
सहायक खनिज अधिकारी सुमित गुप्ता ने बताया कि हाल ही में एक डंपर पकड़ा था। जहां जानकारी मिलती है, वहां कार्रवाई की जाती है। समय-समय पर कार्रवाई जारी है। यदि इसके बावजूद कहीं अवैध खनन हो रहा है तो जांच करवा लेंगे।