भोपाल

महामंडलेश्वर पर युवती ने लगाए गंभीर आरोप, सुरक्षा की मांग करते हुए पीड़िता बोली- समझौते के लिए धमकियां मिल रहीं

वायरल मेल से सनसनी: महामंडलेश्वर और कथावाचक उत्तम स्वामी पर राजस्थान की एक युवती ने गंभीर का आरोप लगाया है। कथित तौर पर आपबीती बताते हुए, उसने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को मेल किया है।

3 min read
Feb 13, 2026
श्री पंच अग्नि अखाडे़ के महामंडलेश्वर और कथावाचक उत्तम स्वामी पर युवती ने लगाए गंभीर आरोप। (फोटो में उत्तम स्वामी और पीड़िता की प्रतीकात्मक तस्वीर)

Mahamandaleshwar Uttam Swami Allegations: महामंडलेश्वर और कथावाचक उत्तम स्वामी पर गंभीर आरोपों वाले एक मेल की कापी दिनभर सोशल मीडिया पर वायरल रही। इस मेल में राजस्थान निवासी एक युवती ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मेल में 12 फरवरी की तारीख है और इसे दिल्ली पुलिस कमिश्नर को भेजा जाना बताया जा रहा है। इसमें कथित पीड़िता की ओर से धमकियां मिलने की बात कहते हुए सुरक्षा की मांग भी की गई है। हालांकि पुलिस की ओर से कोई अधिकृत बयान सामने नहीं आया है और न ही किसी पुलिस अधिकारी ने देर रात तक मेल की पुष्टि की है। मध्यप्रदेश में कांग्रेस नेता केके मिश्रा की ओर से एक सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में स्पष्टीकरण की मांग जरूर की गई है।

जो मेल वायरल हुआ उसमें कथित पीड़िता का कथन है कि एफआइआर दर्ज करवाने की भनक लगते ही उसे धमकियां मिलने लगी हैं। आरोपी पक्ष के लोग समझौते का दबाव बना रहे हैं। उसे और उसके परिवार को नुकसान पहुंचाए जाने की आशंका है।

केके मिश्रा लेटेस्ट एक्स पोस्ट

कथित मेल में आरोप हैं कि आरोपी कई साल से उसका शोषण कर रहा था। उसके प्रभाव के कारण वह पहले शिकायत नहीं कर सकी। इस मामले में महामंडलेश्वर की ओर से कोई कथन सामने नहीं आया है।

पीड़िता के मेल का हिंदी अनुवाद… नीचे पढ़ें

पीड़िता युवती द्वारा लिखा गया मेल! (इमेज सोर्स: KK मिश्रा ‘एक्स’ स्क्रीनशॉट)

“मैं (पीड़िता) अपनी सुरक्षा को लेकर बहुत चिंतित हूं, इसी वजह से मैं तुरंत पुलिस सुरक्षा देने का अनुरोध कर रही हूं। मेरा आरोप है कि उत्तम स्वामी (आरोपी) ने मेरे साथ गंभीर यौन अपराध (बलात्कार) किया है। मैं जल्द ही भारतीय न्याय संहिता/भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपनी औपचारिक शिकायत दर्ज कराने वाली हूं।

आरोपी एक स्वयंभू आध्यात्मिक व्यक्ति है, जिसका बड़ा प्रभाव और काफी अनुयायी हैं। उसे यह पता चल गया है कि मैं उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने वाली हूं। तभी से मुझे एफआईआर दर्ज करने से रोकने और चुप कराने के लिए सीधे और परोक्ष रूप से धमकियां दी जा रही हैं।

उसके प्रभाव के कारण गवाहों को डराने, सबूत मिटाने और मुझे नुकसान पहुंचाने का बड़ा खतरा है। आरोपी के पास ऐसे लोग और साधन हैं, जो मेरी गतिविधियों पर नजर रख सकते हैं, जिसके कारण मैं बहुत डर और असुरक्षा महसूस कर रही हूं। मीडिया में मामला आने और आरोपी को मेरी पहचान पता चलने से खतरा और बढ़ गया है।

आरोप है कि उसने धर्म और आस्था के नाम पर मुझे बहलाकर कई स्थानों पर मेरे साथ गलत काम (बलात्कार) किया। इसके अलावा मेरे साथ धोखाधड़ी और छल करने के भी आरोप हैं।

इसलिए मैं विनती करती हूं कि मेरे वर्तमान घर पर 24 घंटे पुलिस सुरक्षा दी जाए। साथ ही मेरी पहचान और पता गोपनीय रखा जाए। मुझे भरोसा है कि आपका विभाग मुझे सुरक्षा देगा और मेरे साथ न्याय होने में किसी तरह की बाधा नहीं आने देगा।”

नोट: यह खबर कांग्रेस नेता केके मिश्रा के एक्स पोस्ट के आधार पर बनाई गई है। पत्रिका इस मेल की पुष्टि नहीं करता है। पुलिस का बयान और आधिकारिक अपडेट का इंतजार है…

Also Read
View All

अगली खबर