
Bhopal Traffic Plan : भोपाल में दीपावली पर प्रमुख बाजारों में होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए नगरीय यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक व पार्किंग प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था 4 नवंबर से यानि आज से ही लागू की जा रही है। जुमेराती, चौक बाजार, न्यू मार्केट, 10 नंबर मार्केट, एमपी नगर और संतनगर जैसे सर्वाधिक व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्रों में 9 नवंबर तक यह ट्रैफिक व पार्किंग प्लान लागू रहेगा। पुलिस प्रशासन ने असुविधा से बचने के लिए आमजन से निर्धारित स्थलों पर ही वाहन पार्क करने की अपील की है। आज बीजेपी की पदयात्रा के लिए भी यातायात व्यवस्था बदली गई है।
भीड़ से होनेवाली असुविधाओं से बचने के लिए लोगों से सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने को भी कहा गया है। वहीं यातायात पुलिस ने व्यापारियों को निर्देश दिए हैं कि दुकानों में सामान की लोडिंग और अनलोडिंग का कार्य केवल रात 12 बजे से सुबह 7 बजे के बीच ही करें, ताकि दिन के समय बाजारों में जाम की स्थिति न बने।
पुराना शहर:
भीड़ बढऩे पर आंतरिक बाजार क्षेत्र (जुमेराती, हनुमानगंज, आजाद मार्केट) में चार- पहिया, ऑटो और लोडिंग वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान पार्किंग स्थल, बाल विहार ग्राउंड (भोपाल टॉकीज), मल्टीलेवल पार्किंग (मोती मस्जिद), थाना कोतवाली पार्किंग, और सेंट्रल लाइब्रेरी मैदान (भारत टॉकीज) के पास होगी।
लखेरापुरा, इतवारा व इब्राहिमपुरा से चौक बाजार की ओर तीन व चार- पहिया वाहन नहीं जा सकेंगे।
10 नंबर मार्केट: बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी। वाहन वंदे मातरम चौराहा से 10 नंबर मार्केट होकर नेशनल अस्पताल की ओर जा सकेंगे। वहीं, नेशनल अस्पताल से 10 नंबर मार्केट की तरफ वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान पार्किंग, बिट्टन मार्केट, 10 नंबर नगर निगम पार्किंग और मनोहर डेरी के पास होगी।
न्यू मार्केट: न्यू मार्केट आने वाले वाहन चालकों को टीटी नगर थाना चौराहे के पास स्थित मल्टीलेवल पार्किंग का उपयोग करना होगा। दबाव बढऩे पर रंगमहल और टीटी क्रॉस से मार्ग परिवर्तित किए जाएंगे। एमपी नगर जोन-1 में भी मल्टीलेवल पार्किंग का उपयोग तय किया गया है।
संतनगर: व्यापारी पंचवटी चौराहा स्थित मल्टीलेवल पार्किंग में वाहन खड़े करेंगे, जबकि ग्राहकों के लिए पीडब्ल्यूडी द्वारा नए ब्रिज के पास बनाए गए अस्थायी पार्किंग स्थलों की व्यवस्था रहेगी।