
मृतक के परिजनों का कई लोगों पर आरोप (फोटो सोर्स- Patrika)
Bhopal Family Death Case : भोपाल के मालीखेड़ी इलाके में बुधवार सुबह भी मातम पसरा है। यहां एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से लोग अभी भी दुखी हैं। मृतक नरेंद्र साहू, उसकी मां सरस्वती साहू (50), पत्नी सोमलता साहू (29) और दोनों बच्चों के शवों का हमीदिया अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। मंगलवार शाम को पांचों सदस्यों की अर्थियां मालीखेड़ी से एक साथ उठीं। एक साथ पांच परिजनों के अंतिम संस्कार से लोगों की आंखें नम हो गईं। नरेंद्र सूदखोरी के जाल में फंसा था जिससे पूरा परिवार तबाह हो गया। मामले में कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने कहा है कि सभी आरोपों को जांच में शामिल किया गया है।
पुलिस ने नरेंद्र का मोबाइल फोन जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है। एसीपी शशांक जैन कहा, परिजनों के आरोपों को जांच में शामिल कर लिया गया है। घटनाक्रम में पत्नी और बच्चों की हत्या के मामले की जांच छोला मंदिर थाना पुलिस करेगी, जबकि नरेंद्र की आत्महत्या से जुड़े पहलुओं की जांच सूखी सेवनिया थाना पुलिस को सौंपी गई है।
जांच में पता चला कि दो साल पहले नरेंद्र आइएसबीटी के पास एक होटल में हेड शेफ था। जीजा दीपक ने बताया, होटल संचालक चिंटू ने शुरुआत में नियमित वेतन दिया, लेकिन एक साल बाद वेतन में समस्या होने लगी। नौकरी छोडऩे के समय उसका 5 महीने का वेतन, 5 लाख रुपए बकाया था।
नरेंद्र ने इसके बाद होटल और रेस्टोरेंट का कारोबार शुरू किया, लेकिन उसमें भी घाटा हो गया। आखिरकार उसे व्यापार बंद करना पड़ा। नरेंद्र करीब 15 दिनों से घर पर ही था। पैसे कमाने के लिए उसकी बुजुर्ग मां मजदूरी करने लगी थी।
दंपत्ति, दो बच्चों और मां का मंगलवार शाम को एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। पोस्ट मार्टम के बाद पांचों का अंतिम संस्कार छोला मंदिर स्थित श्मशान घाट पर किया गया। मालीखेडी में घर से एक साथ पांच अर्थियां उठते देख वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
नरेंद्र साहू की आत्महत्या और परिजनों की मौत के मामले में आज अहम दिन साबित हो सकता है। पुलिस के अलग अलग अधिकारी बुधवार को संदिग्ध लोगों से पूछताछ करेंगे। इससे मामले में नया खुलासा होने की उम्मीद है।
Updated on:
4 Nov 2026, 10:44 AM IST
Published on:
4 Nov 2026, 10:00 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.