College Fee- 1.32 लाख छात्र मोबाइल फ्रेंडली पोर्टल से घर बैठे जमा कर सकते हैं फीस पहले राउंड में 68 हजार छात्रों को नहीं मिल सकी सीट, दोबारा करना होगी चॉइस फिलिंग
एमपी में कॉलेजों की फीस में छात्रों को बड़ी राहत दी गई है। उच्च शिक्षा विभाग ने 5 हजार से ज्यादा राशि पर स्टूडेंट को तीन किस्तों में जमा करने की छूट दी है। इधर विभाग के अंतर्गत स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के प्रथम चरण में अधूरे दस्तावेज, एक ही कॉलेज का ऑप्शन आदि कारणों से 68 हजार विद्यार्थियों को सीटों का आवंटन जारी नहीं हो सका। ऐसे छात्र- छात्राएं जिन्हें सीट नहीं मिल सकी, उन्हें दूसरे चरण में दौबार चॉइस फिलिंग करना होगा।
स्नातक स्तर पर 1 लाख 7 हजार 75 तथा स्नातकोत्तर स्तर पर 25 हजार 123 विद्यार्थियों को कॉलेज आवंटित किए
प्रथम चरण में स्नातक स्तर पर 1 लाख 7 हजार 75 तथा स्नातकोत्तर स्तर पर 25 हजार 123 विद्यार्थियों को कॉलेज आवंटित किए गए हैं। दोनों को मिलाकर कुल 1 लाख 32 हजार 198 विद्यार्थियों को कॉलेज आवंटित हुए हैं। इन विद्यार्थियों को 26 मई तक ऑनलाइन फीस जमा करना होगी।
विभाग द्वारा विद्यार्थियों की सुविधा के लिए मोबाइल फ्रेंडली पोर्टल व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे घर बैठे प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जा सके।
कॉलेज में जमा करना होगी रसीद:
हालांकि छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन फीस जमा कर रसीद कॉलेजों में जमा करना होगी। यदि विद्यार्थी किसी कारण रसीद जमा नहीं कर पाते हैं, तो उनका प्रवेश पूर्ण नहीं हो सकेगा और विद्यार्थी परीक्षा फॉर्म भी जमा नहीं कर सकेंगे।
बीबीए प्रवेश के लिए करना होगा इंतजार:
इधर उच्च शिक्षा उत्कृष्ट संस्थान (आईईएचडी) में भी प्रवेश प्रक्रिया जारी है। पहले चरण में चयनित विद्यार्थियों को आगामी 26 मई तक अपने सभी आवश्यक दस्तावेज पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड करने होंगे। दस्तावेजों का ऑनलाइन सत्यापन किया जाएगा। आखिरी तारीख 27 मई है। वहीं कॉलेजों में संचालित बीबीए में प्रवेश लेने के लिए छात्रों को तकनीकी शिक्षा विभाग की काउंसलिंग का इंतजार करना होगा।
छात्र तीन किस्त में जमा कर सकेंगे फीस
उच्च शिक्षा विभाग ने फीस के लिए छात्रों को बड़ी राहत दी है। यदि किसी कॉलेजों की फीस 5 हजार रुपए से अधिक है, तो छात्र इस फीस को तीन किस्त में जमा कर सकेंगे। वहीं 5 हजार या उससे कम फीस एक मुश्त में जमा कर सकते हैं।
दूसरे चरण के रजिस्ट्रेशन 28 से: दूसरे चरण की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 28 मई से शुरू होगी। इसकी आखिरी तारीख 3 जून है, वहीं दस्तावेजों का सत्यापन 29 मई से क 4 जून तक होगा। 7 जून को सीटों का आवंटन जारी किया जाएगा। छात्र-छात्राएं आवंटित सीट पर 13 जून तक फीस जमा कर कसते हैं।