
Bhopal News :मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के छोला मंदिर थाना इलाके के अंतर्गत आने वाले मालीखेड़ी से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि, इलाके में स्थित एक घर के अंदर एक ही परिवार के चार सदस्यों की लाशें मिली है। जबकि, घर के मुखिया का शव रेलवे ट्रैक पर मिला है। घटना के चलते इलाके में सनसनी फैल गई है। इधर, जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले को संज्ञान में लिया है।
शुरुआती तौर पर ये सनसनीखेज मामला सामुहिक हत्याकांड और आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई है। फिलहाल, ये स्पष्ट नहीं हो पाया है कि, मामला सामूहिक आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण अथवा हत्या की आशंका है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। आधिकारिक पुष्टि और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बताया जा रहा है कि, मरने वाले पांचों लोग एक ही परिवार के हैं। इनमें से चार लोगों के शव तो घर के अंदर मिले है, जबकि परिवार के मुखिया का शव कुछ दूरी पर रेलवे ट्रैक पर मिला है। संभावना जताई जा रही है कि, शख्स ने पहले परिवार के चारों लोगों की धारदार हथियार से हत्या की, इसके बाद ट्रेन के सामने आकर जान दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, नरेंद्र साहू केटरिंग का काम करता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि, पिछले कुछ दिनों से वो आर्थिक तौर पर कुछ परेशान सा था। वहीं, घर के करीबी लोगों का ये भी कहना है कि, वो अपने परिवार से काफी प्रमे करता था। लेकिन उसने ऐसा कदम क्यों उठाया इसकी जांच की जा रही है। पुलिस की मानें तो संभवत: नरेंद्र ने पहले घर के लोगों की हत्या की। इसके बाद रेलवे ट्रैक पर जाकर आत्म हत्या की है।
परिवार के मुखिया नरेंद्र साहू की लाश थाना सूखी सेवनिया इलाके के चोपड़ा कलां स्थित रेलवे ट्रैक पर मिली है। सूत्रों की माने तो पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि, 35 वर्षीय नरेंद्र साहू ने अपने दो बच्चों पत्नी और बुजुर्ग की हत्या करने के बाद ट्रेन के सामने आकर खुदकुशी की है। मृतकों में नरेंद्र साहू की मां 50 वर्षीय सरस्वती साहू, 29 वर्षीय पत्नी सोमलता साहू, 10 वर्षीय बेटी कृति साहू और 6 वर्षीय बेटा खुश साहू शामिल हैं।
मामले को लेकर छोला थाना प्रभारी सरस्वती तिवारी का कहना है कि, जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। फिलहाल, परिवार के सदस्यों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने पांचों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचा दिया है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है और परिवार के सदस्यों की मौत के पीछे के कारण जानने के प्रयास किए जा रहे हैं।