Congress- एमपी के नवनियुक्त कांग्रेस जिलाध्यक्षों की आज नई दिल्ली में कांग्रेस के नए राष्ट्रीय कार्यालय में ट्रेनिंग चल रही है।
Congress- एमपी के नवनियुक्त कांग्रेस जिलाध्यक्षों की आज नई दिल्ली में कांग्रेस के नए राष्ट्रीय कार्यालय में ट्रेनिंग चल रही है। उन्हें कैडर मैनेजमेंट के टिप्स देने के लिए राहुल गांधी ने यहां बुलाया है। 9 ए, कोटला रोड स्थित ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के नए हेडक्वार्टर में एमपी के सभी 71 कांग्रेस जिलाध्यक्ष पहुंचे हैं। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी भी यहां मौजूद हैं। मध्यप्रदेश के साथ ही हरियाणा के जिलाध्यक्षों की भी बैठक है। कांग्रेस जिलाध्यक्षों की इस वर्कशॉप को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संबोधित किया। उन्होंने गुटबाजी को कांग्रेस की हार का सबसे बड़ा कारण बताते हुए कहा कि जब कांग्रेस संगठित रहती है, तभी हम चुनाव जीतते हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि वर्ष 2025 को हमने संगठन सृजन का साल घोषित किया है। जिला अध्यक्ष कांग्रेस संगठन में सबसे मजबूत कड़ी होता है। राज्य में सरकार चुननी हो, तो विधान सभाओं में उम्मीदवार को जिताने में उनकी अहम भूमिका होती है। देश में सरकार बनानी हो तो लोक सभा जीतने के लिए आपके समर्थन की जरूरत होती है।
जिला अध्यक्ष अपने नीचे ब्लॉक कमेटी बनाता है। मंडल और बूथ कमेटी बनाता है। आप जब ये कमिटियां बनाएं, तो इस बात का खास ध्यान रखें कि ये सभी लोग पार्टी के वफ़ादार हो, मेहनती हो।
सबसे महत्वपूर्ण बात, वो कांग्रेस पार्टी की ideology से हिले नहीं। कोई उन्हें प्रलोभन भी दे, तो भी उनकी loyalty कांग्रेस के लिए ही रहे, ऐसे लोग चाहिए।
कांग्रेस पार्टी ने देश पर लंबे समय तक शासन अपने मजबूत संगठन की वजह से किया। मंत्रियों के लिए तब जरूरी होता था कि जिले में जाए, तो सबसे पहले जिला अध्यक्ष से संपर्क करना होता था। जिला कार्यालय में जाना होता था।
बीच में इस परंपरा में थोड़ा बदलाव आ गया। मंत्री लोग अपने चहेते लोगों को जिला अध्यक्ष बनाने लगे। योग्यता और विचारधारा को नज़रअंदाज़ किया जाने लगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि राहुल गांधी और मैंने यह अनुभव किया कि हम बग़ैर अपने संगठन को मजबूत किए, बिना जिला अध्यक्षों को अहमियत दिए, सत्ता में मजबूती से वापसी नहीं कर सकते। हमें कार्यक्रमों के माध्यम से लगातार जनता के बीच रहना है। हमें ऐसे तरीके ढूंढने होंगे जिससे लोग हमसे जुड़ें। हमारी विचारधारा का समर्थन करें। तभी हमारी ताक़त ज़मीनी स्तर पर बढ़ेगी।
हमें अपने कार्यकर्ताओं का उत्साह और मनोबल हमेशा बढ़ाते रहना है। उन्हें सम्मान दीजिए। उनके सुख-दुख में शामिल होइए तो आपकी ताक़त अपने आप बढ़ जाएगी।
कांग्रेस अध्यक्ष बोले कि 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में हम केवल 8 सीटों से हारे थे। अगर हमें इन 8 सीटों पर 22779 वोट और मिल जाते तो आज हरियाणा में कांग्रेस की सरकार होती।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी राहुल गांधी के जैसे ही मध्यप्रदेश में भी वोट चोरी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 2023 में एमपी में क़रीब 27 सीटों पर वोट चोरी हुई है, ऐसा मुझे बताया गया है। 7 महीने में सिर्फ 4 लाख वोट बढ़े, वहीं 2 महीने में 16 लाख वोट बढ़ गए।
मल्लिकार्जुन खरगे ने बीजेपी पर अनेक गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाध्यक्षों को पूरे 5 साल सावधान रहने की हिदायत दी।
उन्होंने वोटर लिस्ट की intensive जांच करते रहने को कहा ताकि अगर बीजेपी या BLOs हमारे लोगों के नाम काटे तो हम उन्हें तुरंत पकड़ लें। उन्होंने कहा कि हमें लोगों को बताना होगा कि देश में सभी को वोट का अधिकार (Universal Adult Franchise) कांग्रेस की देन है। राजीव गांधी ने युवाओं की लोकतंत्र में भागीदारी बढ़ाने के लिए वोट देने की उम्र 21 से घटाकर 18 साल की।
राहुल गांधी वोट चोरी के मुद्दे पर ही बिहार में “वोटर अधिकार यात्रा” कर रहे हैं। लाखों लोग उनकी यात्रा से जुड़ रहे हैं लेकिन प्रधानमंत्री लोगों को गुमराह करने के लिए घुसपैठियों की बात कर रहे है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बीजेपी वोट चोरी के बाद अब सत्ता चोरी में लगी है। उन्होंने जिलाध्यक्षों से कहा कि आपको सभी लोगों को संगठित रखना है। गुटबाजी को पनपने नहीं देना। जब कांग्रेस संगठित रहती है, तभी हम चुनाव जीतते हैं।