Allowances- पदाधिकारियों ने बताया कि किलोमीटर भत्तों में दो साल पूर्व से लागू करने की बात कही गई है
Allowances- सरकारी कर्मचारियों, अधिकारियों के वेतन, भत्तों आदि में बढ़ोत्तरी का सिलसिला लगातार चल रहा है। पहले केंद्र सरकार और इसके बाद मध्यप्रदेश सरकार, कर्मचारियों-अधिकारियों का महंगाई भत्ता बढ़ा चुकी है। अब रेलवे ने भत्तों में जबर्दस्त बढ़ोत्तरी का ऐलान किया है। रेल कर्मचारियों, अधिकारियों के किलोमीटर भत्तों में वृद्धि की गई है। इससे पश्चिम मध्य रेल के करीब 15 हजार कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। रेलवे यूनियन पदाधिकारियों ने लंबे अर्से से की जा रही मांग पूरी होने पर रेलवे प्रबंधन के प्रति आभार जताया है। पदाधिकारियों ने बताया कि किलोमीटर भत्तों में दो साल पूर्व से लागू करने की बात कही गई है।
रेलवे ने लोको पायलट, सहायक लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर के किलोमीटर भत्तों में वृद्धि को मंजूरी दे दी है। रेलवे यूनियन पदाधिकारियों के अनुसार यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2024 से लागू होगी। रेलवे ने किलोमीटर भत्तों में 25 प्रतिशत बढ़ोत्तरी की बात कही है जिसका पश्चिम मध्य रेल के करीब 15 हजार कर्मचारियों को लाभ होगा।
रेलवे यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि नई दरों के अनुसार ट्रेन मैनेजर का भत्ता 4.75 से बढकऱ 5.50 रुपए प्रति किलोमीटर कर दिया गया है। लोको पायलट व सहायक लोको पायलट के भत्तों में भी खासी बढ़ोत्तरी की गई है। लोका पायलट का भत्ता बढ़ाकर 5.25 रुपए से 6 रुपए किया गया है जबकि सहायक लोको पायलट का भत्ता 3.7 से बढ़कर 4.3 रुपए प्रति किलोमीटर हो गया है।
पश्चिम मध्य रेलवे सहित सभी अधिकारी, कर्मचारी लंबे समय से भत्तों में वृद्धि की मांग कर रहे थे। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार यह फैसला महंगाई भत्ता 50 प्रतिशत होने पर भत्तों में 25 प्रतिशत वृद्धि के प्रावधान के तहत लिया गया है। रेलवे यूनियन ने मांग पूरी होने पर रेलवे के प्रति आभार जताया है।
बता दें कि इससे पहले राज्य के कर्मचारियों और पेंशनर्स का महंगाई भत्ता (DA) भी बढ़ाया जा चुका है। मध्यप्रदेश सरकार ने डीए को 55 प्रतिशत से 58 प्रतिशत कर दिया है। इससे 12 लाख कर्मचारियों को लाभ होगा। महंगाई भत्ता में यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2024 और 1 जनवरी 2025 के अतिरिक्त DA के साथ मिलाकर की गई है, जोकि अब केंद्रीय कर्मचारियों के समान है। बढ़ी हुई दर अप्रैल 2026 के वेतन से लागू होगी। कर्मचारियों, अधिकारियों को एरियर 6 समान किस्तों में दिया जाएगा।
मध्यप्रदेश में महंगाई भत्ता में 3 प्रतिशत की अतिरिक्त बढ़ोतरी के बाद वर्तमान दर 58 प्रतिशत हो गई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने होली के तोहफे के रूप में इसका ऐलान किया था।एरियर (Arrears) ₹4185 से ₹38070 तक मिलेगा। मई 2026 से नवंबर 2026 तक 6 समान किस्तों में इसका भुगतान होगा।