हाई प्रोफाइल पार्टियों में इस्तेमाल किया जाने वाला एमडी नशा मुंबई से इंदौर के ड्रग पैडलर्स के पास भेजा जा रहा है।
ड्रग पेडलर मुंह मांगी रकम लेकर भोपाल में नशे की खेप सप्लाई करने वाले आरोपियों के हाथों इस नशे की डिलीवरी कर रहे हैं। भोपाल में अब इस नशे का इस्तेमाल नाइट क्लब एवं आउटर एरिया में चलने वाले रिज़ॉर्ट और यहां होने वाली पार्टियों में धड़ल्ले से हो रहा है। क्राइम ब्रांच द्वारा पकड़े गए आरोपी इम्तियाज अहमद एवं मुजाहिद अली ने यह जानकारी पुलिस को दी है। क्राइम ब्रांच अब आरोपियों की निशानदेही पर नशा सप्लाई लेने वाले लोगों की पहचान कर रही है। पुलिस ने फिलहाल होटल, नाइट क्लब एवं अन्य स्थानों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं। एडिशनल एसपी गोपाल धाकड़ ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर महंगे नशे की सप्लाई लेने वाले लोगों की धरपकड़ शुरू कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि 1 दिन पहले जहांगीराबाद क्षेत्र से क्राइम ब्रांच ने दोनों आरोपियों को 17 ग्राम एमडी नशे की खेप के साथ गिरफ्तार किया था। पकड़े गए माल की कीमत 50 हज़ार रुपए आंकी गई थी। आरोपियों से पूछताछ में और भी खुलासे होने की उम्मीद की जा रही है।