
भोपाल। आने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर मीना समाज प्रमुख पार्टियों से टिकट की मांग करेगा। जो भी पार्टी समाज को प्रतिनिधित्व देगी, उसका समाज द्वारा समर्थन किया जाएगा। इसे लेकर शीघ्र ही रणनीति तैयार की जाएगी और तय किया जाएगा कि अगर उन्हें पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं दिया जाता है, तो आगे क्या करें। मप्र मीना समाज सेवा संगठन की बैठक बुधवार को होटल लेक व्यू रंजीत में आयोजित की गई। इसमें बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लिया।
इस मौके पर समाज के विभिन्न पहलुओं पर बातचीत की गई। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष जगदीश सिंह मीना और प्रदेश संगठन महामंत्री संतोष मीना ने कहा कि प्रदेश के लगभग 26 जिलों में 40 लाख मीना बंधु निवास करते हैं, लेकिन यह विडंबना ही है कि इतनी बड़ी जनसंख्या के बावजूद मीना समाज को अब तक राजनीतिक दृष्टिकोण से पूरी तरह उपेक्षित ही रखा गया है।
तकरीबन 18 स्थानों पर हमारे समाज की आबादी अधिक है, फिर भी हमे पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं दिया जाता है। इसलिए इस बार जो भी हमे प्रतिनिधित्व देगा, हम उसका साथ देंगे। बैठक में पदाधिकारियों की नियुक्ति के साथ ही उन्हें जिलेवार समाज की जनगणना और सदस्यता हेतु भी प्रभार और दायित्वों का वितरण किया गया।
आरक्षण के लिए भी बनेगी रणनीति
आरक्षण के मुद्दे पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 18 फरवरी 2018 को मीना समाज महासम्मेलन के अवसर पर मीनाओं को आश्वासन दिया था कि वे आरक्षण को लेकर केंद्र सरकार को चि_ी लिखेंगे और आरक्षण दिलाने में मीना समाज का साथ देंगे, लेकिन अब तक मुख्यमंत्री द्वारा दिया गया आश्वासन केवल कागजी घोषणा ही साबित हुआ है। अब मीना समाज को अपने आरक्षण के अधिकार को लेकर स्वयं ही शीघ्र कोई निर्णय लेना होगा।
कार्यकारिणी की पहली सूची जारी
प्रदेश अध्यक्ष जगदीश सिंह मीना ने संगठन की प्रदेश कार्यकारिणी की प्रथम सूची जारी की। इसमें पैंची जिला गुना के आइआरएस प्रद्युमन सिंह मीना को संगठन का प्रदेश युवा अध्यक्ष एवं एडवोकेट लक्ष्मी मीना लटेरी जिला विदिशा निवासी को प्रदेश महिला अध्यक्ष नियुक्त किया। अन्य पदाधिकारियों की भी नियुक्ति की गई है।