भोपाल

मंदिर नहीं बनेगा तो ‘कंटेम्प्ट ऑफ गॉड’ होगा, मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कल्याण सिंह का वो किस्सा

memories: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने याद दिलाया कल्याण सिंह का दिलचस्प किस्सा...। राम मंदिर के बारे में कही थी यह टिप्पणी...।
2 min read
• •
Updated: 22 Aug 2021, 12:39 PM IST
shivraj.jpg
कल्याण सिंह के निधन पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुख व्यक्त किया। उनके साथ बिताए पलों को याद किया।

भोपाल। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के कद्दावर नेता कल्याण सिंह के निधन के बाद भाजपा में शोक की लहर है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, गृहमंत्री नरोत्तम मिश्र समेत अनेक दिग्गज नेताओं ने शोक संवेदना व्यक्त की है। इधर, जबलपुर में होने वाली केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक की जनआशीर्वाद यात्रा भी स्थगित कर दी गई है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने शोक संदेश में कहा है कि आज मन बहुत व्यथित है, पीड़ा से भरा हुआ है। श्रद्धेय कल्याण सिंह जी के जाने से भारतीय राजनीति के एक युग का अंत हो गया। वे राष्ट्रभक्त थे, रामभक्त थे, तपोनिष्ठ थे, कर्तव्यनिष्ठ थे। वे एक ऐसे नेता थे जिन्होंने अपने मूल्यों से कभी समझौता नहीं किया।

तो कंटेम्प्ट ऑफ गॉड होगा

चौहान ने एक किस्सा भी बताते हुए कहा कि मुझे याद है कि जब कल्याण सिंह जी ने श्रीराम मंदिर मामले में टिप्पणी की थी, तो कहा गया था कि यह कंटेम्प्ट ऑफ कोर्ट हो सकता है। उनका जवाब था कि अयोध्या करोड़ों लोगों की आस्था का तीर्थ स्थल है। मैं भी उनमें से एक हूं। श्रीराम मंदिर नहीं बना तो कंटेम्प्ट ऑफ गॉड होगा। चौहान ने कहा कि कल्याण सिंह जी भारतीय संस्कृति के सच्चे पूजक एवं रक्षक थे। एक महान नेता और मैंने अपने अग्रज एवं मार्गदर्शक को खो दिया है। यह मेरी निजी क्षति है।

प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्र ने भी कल्याण सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मिश्र ने ट्वीट संदेश में कहा है कि आदरणीय #KalyanSingh जी ने अपना पूरा जीवन समाज के गरीब,वंचित और दलित वर्गों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित कर दिया। राम मंदिर के लिए उनकी प्रतिबद्धता अद्वितीय थी। सत्ता पर विचारधारा को वरीयता देने के लिए उन्हें सदैव स्मरण किया जाएगा। राष्ट्रवाद के प्रखर उपासक को सादर नमन।

स्थगित हुई जनआशीर्वाद यात्रा

मध्यप्रदेश में चल रही भारतीय जनता पार्टी की जन आशीर्वाद यात्रा स्थगित कर दी गई है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन के कारण पार्टी ने यह फैसला लिया है। यह यात्रा 23 अगस्त को होने वाली थी। इस यात्रा का नेतृत्व केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक कर रहे हैं।

भाजपा के कद्दावर नेता कल्याण सिंह के निधन के कारण मध्यप्रदेश में चल रही जन आशीर्वाद यात्रा का कार्यक्रम रविवार को स्थगित कर दिया गया। यह यात्रा जबलपुर में 23 अगस्त को होने वाली थी। जबलपुर के भाजपा नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर के मुताबिक अब जन आशीर्वाद यात्रा की नई तारीख जल्द ही तय की जाएगी। बताया गया है कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के कद्दावर नेता कल्याण सिंह के निधन के कारण यह यात्रा स्थगित की गई है। इस यात्रा का नेतृत्व केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक कर रहे हैं। इससे पहले केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक की आशीर्वाद यात्रा 21 अगस्त को सागर में पहुंची थी। 22 को यात्रा का विराम था।

खटीक ने व्यक्त की शोक संवेदना

केंद्रीय मंत्री खटीक ने अपने शोक संदेश में कहा है कि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता,रामलला के भक्त आदरणीय कल्याण सिंह जी के देहावसान का समाचार मिला। राम जन्मभूमि आंदोलन के समय एक कार्यकर्ता के रूप में उनसे भेंट हुई थी और आशीर्वाद मिला था। प्रभु उनकी आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति दें।

Updated on:
22 Aug 2021, 12:39 PM IST
Published on: