जुलानिया ने कहा- डायरेक्टर का नया पद बनाएंगेनेत्र विज्ञान संस्थान बंद करने का विरोध
भोपाल. राजस्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने भोपाल के नेत्र विज्ञान संस्थान को बंद कर इंदौर में स्कूल ऑफ एक्सीलेंस फॉर आई खोलने पर ऐतराज जताया है। गुप्ता ने सोमवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कहा, इंदौर में भले ही स्कूल ऑफ एक्सीलेंस खोला जाए, लेकिन यहां नेत्र संस्थान बंद नहीं होने देंगे।
इस पर चिकित्सा शिक्षा विभाग के एसीएस राधेश्याम जुलानिया ने कहा, यहां के संस्थान को बंद नहीं कर रहे हैं। इस पर गुप्ता ने कहा कि फिर डायरेक्टर का पद क्यों खत्म किया जा रहा है। इस पर जुलानिया बोले- डायरेक्टर के लिए नया पद निर्मित किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री ने इंदौर में स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।
- पुलिस के 2000 पद किसके लिए: अनुराग
कैबिनेट में 6350 नए पदों पर पुलिस भर्ती मंजूर की गई। मई 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव के पहले व्यापमं इसके लिए परीक्षा लेगा। यह प्रस्ताव आया तो वित्त विभाग के पीएस अनुराग जैन ने कहा, 6350 पद में 4350 पद ही मैदानी हैं। बाकी करीब 2000 पद भोपाल के लिए रखे गए हैं। प्रस्ताव में स्पष्ट नहीं किया गया है कि यह पद किसके लिए मंजूर कराए जा रहे हैं। सीएम ने कहा अभी हम इसकी सैद्धांतिक मंजूरी दे देते हैं।
- शाह और लाल आमने-सामने
बैठक में स्कूलों के युक्तियुक्तकरण का प्रस्ताव आया तो स्कूल शिक्षा मंत्री विजय शाह ने कहा, ट्राइबल वाले माने नहीं वरना उनके स्कूलों का भी युक्तियुक्तकरण साथ में ही हो जाता। इस पर आदिम जाति कल्याण राज्यमंत्री लाल सिंह आर्य बोले- आप भी कहां मान रहे हो। इस पर शाह बोले- आपके चक्कर में दो महीने हमारा प्रस्ताव लेट हुआ है। दोनों बहस करने लगे तो मुख्यमंत्री ने हस्तक्षेप किया। 45384 स्कूलों को युक्तियुक्त करके कुल 20656 स्कूल कर किया है।
- जीएसटी लौटाने का प्रस्ताव रोका
उद्योग विभाग के पीएस मोहम्मद सुलेमान ने कैबिनेट में उधोगपतियों को नेट-जीएसटी लौटाने का प्रस्ताव रखा तो वित्त विभाग के प्रमुख सचिव अनुराग जैन ने आपत्ति जताई। वाणिज्यकर विभाग के पीएस मनोज श्रीवास्तव ने भी जैन की बात पर सहमति जताते हुए कहा, यह पता नहीं लगाया जा सकता कि कहां, किसने कितना जीएसटी दिया है। इस पर सीएम ने कहा, दूसरे राज्यों का अध्ययन करने के बाद ही प्रस्ताव को कैबिनेट में लाया जाए।
- सिवनी-छतरपुर में खुलेगा मेडिकल कॉलेज
कैबिनेट में सिवनी और छतरपुर में नए मेडिकल कॉलेज खोलने की मंजूरी दी गई। कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कांग्रेस सरकार आने पर हाल ही में सिवनी व छतरपुर में मेडिकल कॉलेज लाने की घोषणा की थी, लेकिन सीएम ने यह मुद्दा ही छीन लिया। वहीं, कमलनाथ के छिंदवाड़ा में चौराई तहसील की सीमा में बदलाव। चांद तहसील के 27 गांव चौराई में शामिल किए।
- किसान बाजार पर बिचौलियों का कब्जा
किसान बाजार का प्रस्ताव आने पर सीएम ने कहा कि यह फेल आइडिया है। अभी चार बाजार बने हैं इन सब पर बिचौलियों का कब्जा है। अफसरों ने घोषणा का हवाला दिया तो सीएम ने कहा अभी सैद्धांतिक मंजूरी दे देते हैं, लेकिन इस बात का ध्यान रखा जाए कि इसका लाभ किसानों को ही मिले।
- अब समृद्ध मप्र का विजन
स्वर्णिम मध्यप्रदेश का स्लोगन लाने के बाद अब सरकार समृद्ध मध्यप्रदेश का विजन डॉक्यूमेंट तैयार करेगी। संसदीय कार्यमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि सीएम ने सभी मंत्रियों से समृद्ध मप्र के लिए विभाग का विजन डॉक्यूमेंट 10 अगस्त तक मांगा है। इसमें अगले पांच साल की योजनाओं का विजन होगा। सीएम 15 अगस्त के भाषण में समृद्ध मप्र का विजन पेश करेंगे। इसके अलावा नॉ अगस्त को आदिवासी कल्याण व 14 अगस्त को शहीद सम्मान के कार्यक्रम होंगे।