Mohan Sarkar took loan again: रंगपंचमी के दिन सरकार ने चालू वित्तीय वर्ष में 11वीं बार लिया कर्ज, मार्च में तीसरी बार कर्जेदार सरकार
Mohan Sarkar took loan again: रंगपंचमी के दिन सरकार ने 6 हजार करोड़ रुपए का कर्ज और ले लिया। कर्ज 2000-2000 करोड़ की तीन किस्त में लिया गया है। इसे सरकार 7 साल, 21 साल और 24 साल में चुकाएगी। 12 मार्च को सरकार ने सदन में बजट पेश किया। इसके सात दिन बाद कर्ज ले लिया गया। चालू वित्तीय वर्ष में सरकार ने 11वीं बार यह कर्ज लिया है। मार्च में ही तीसरी बार कर्ज लिया गया है।
सरकारी रिकार्ड पर नजर डाली जाए तो मार्च की शुरुआत में यानी पांच तारीख को 2000-2000 हजार करोड़ का कर्ज तीन अलग-अलग किस्तों में (14 साल, 20 साल और 23 साल के लिए) लिया गया। फिर 7 दिन बाद 12 मार्च को दो किस्तों में कर्ज लिया। अब 19 मार्च को फिर से तीन किस्तों में कर्ज लिया।
राज्य का कर्ज बजट से ज्यादा हो गया है। 2026 में कर्ज 4.99 लाख करोड़ हो जाएगा, जबकि नए वित्तीय वर्ष के लिए सरकार ने 4.21 लाख करोड़ का बजट पेश किया है।
बुधवार को कांग्रेस ने विरोधस्वरूप कर्ज पंचमी मनाई। वरिष्ठ नेता मनोज शुक्ला के नेतृत्व में भोपाल में कार्यकर्ताओं ने राहगीरों को गुलाल लगाकर कर्ज के बारे में जानकारी दी। आरोप लगाया कि सरकार भ्रष्टाचार करने के लिए कर्जा ले रही है। इस दौरान कार्यकर्ता तख्तियां लिए थे। इनमें कर्ज के विरोध में स्लोगन लिखे थे। उनका कहना है कि सरकार कर्ज की रकम कहां ले जा रही है, इसका जवाब देना होगा।