
भोपाल। इस दौरान जहां दिन में हल्की गर्मी सी देखने को मिल रही है,वहीं रात में हल्की ठंडक भी शुरू हो गई है। इन दिनों दिन का तापमान 33 और रात का 15-16 डिग्री के आसपास ही बना हुआ है। रात के तापमान में और ज्यादा गिरावट की संभावना अभी देखने को नहीं मिल रही है। इसमें ही बहुत हल्के उतार-चढ़ाव का सिलसिला जरूर जारी है।
इस संबंध में जानकारों का मानना है कि लगातार हवा का रुख बदल रहा है, ऐसे में जब तक उत्तर से लगातार हवा नहीं आएगी, तब तक तेज ठंड नहीं पड़ेगी।
इसी के चलते शनिवार को भी रात का तापमान 0.4 डिग्री की गिरावट के साथ 16.1 दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1 डिग्री कम रहा। वहीं दिन का तापमान 33.5 डिग्री दर्ज किया गया। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक उदय सरवटे के अनुसार शनिवार सुबह 7.30 बजे दक्षिणी हवा थी। यह दोपहर 3.30 बजे तक चली। शाम 4 बजे हवा का रुख बदलकर उत्तर पूर्वी हो गया।
भोपाल का अगले पांच दिनों तक ये रहेगा हाल!:
मौसम में आ रहे परिवर्तन के चलते जहां ठंड में धीरे धीरे इजाफा हो रहा है, वहीं मौसम के जानकारों का मानना है कि अगले पांच दिनों तक भोपाल के मौसम में तापमान में 1—2 डिग्री का ही परिवर्तन होता रहेगा। सेटेलाइट से मिल रहे चित्रों के अनुसार ये रहेगा भोपाल का मौसम का हाल...
: 30 अक्टूबर - आसमान साफ रहेगा वहीं इस दौरान अधिकतम तापमान 33 डिग्री व न्यूनतम तापमान के 16 डिग्री पर बने रहने का अनुमान है।
: 31 अक्टूबर - इस दिन भी आसमान तो साफ रहेगा, लेकिन न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री कमी आ सकती है। जिसके चलते इस दिन धिकतम तापमान 33 डिग्री व न्यूनतम तापमान के 15 डिग्री पर बने रहने की संभावना है।
: 01 नवंबर - आसमान साफ रहने के बावजूद अधिकतम तापमान में 1 डिग्री तक की गिरावट रहेगी। यानि इस दिन अधिकतम तापमान 32 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 15 डिग्री रहेगा।
: 02 नवंबर - आसमान में बादल नहीं दिखेंगे, लेकिन इस दिन पुन:न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री तक की बढ़ौतरी देखी जाएगी। जिसके बाद इस दिन अधिकतम तापमान 32 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 16 डिग्री रहेगा।
: 03 नवंबर- इस दिन आसमान में कुछ जगह बादल रहने का अनुमान है। जिसके कारण न्यूनतम तापमान पुन: 15 डिग्री पर आ जाएगा जबकि अधिकतम तापमान 32 डिग्री ही रहने का अंदेशा है।
ये है संक्रमण काल:
जानकारों का मानना है कि यह एक तरह का ट्रांजीशन पीरियड (संक्रमण काल)है। मतलब ऋतु परिवर्तन का समय है। इसमें हवा का रुख स्थाई होने में कुछ समय लगता है। इसी वजह से हवा का रुख इन दिनों बार-बार बदल रहा है।