भोपाल

मंडला में जोरदार बरसात के साथ आया मानसून तेजी से बढ़ा, 72 घंटे से पूरी स्पीड में हैं बादल

मंडला में मानसूनी बादल जमकर बरसे। पूर्वी मध्यप्रदेश के साथ ही सिवनी, बालाघाट और शहडोल जिलों में भी झमाझम बरसात हुई।
2 min read
Jun 25, 2023
mansoon_mp3.png
मंडला में मानसूनी बादल जमकर बरसे

भोपाल. एमपी में मानसून ने दस्तक दे दी है। मंडला में मानसूनी बादल जमकर बरसे। पूर्वी मध्यप्रदेश के साथ ही सिवनी, बालाघाट और शहडोल जिलों में भी झमाझम बरसात हुई। मौसम विभाग के अनुसार मानसून बहुत तेज गति से आगे बढ़ रहा है। बादल करीब 72 घंटे से पूरी स्पीड में हैं। हालांकि इस बार एमपी में मानसून लेट हो गया है लेकिन यहां अच्छी बारिश की संभावना जताई जा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार मानसून करीब 4-5 दिनों में पूरे प्रदेश में सक्रिय हो जाएगा। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में भी आज रात या कल मानसून की दस्तक हो सकती है। विज्ञानियों ने बताया कि शहर में मानसून की दस्तक अगले 48 घंटों में होने की संभावना है। सब कुछ ठीक रहा तो रविवार, सोमवार तक शहर में मानसून आने की उम्मीद है।

अभी शहर में बादल छा रहे हैं साथ ही बौछारों का सिलसिला भी चल रहा है। मौसम में आए अचानक बदलाव से शहरवासियों को गर्मी से काफी राहत मिली है। अगले चार पांच दिन भी बादल, बारिश, बौछारों की संभावना जताई जा रही है।

24 घंटों में 1.5 मिमी बारिश दर्ज
शहर में शनिवार को भी 1.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। शहर में अब तक 94 मिमी से अधिक बारिश हो चुकी है, भले ही मानसून अब तक नहीं आया है लेकिन पिछले दो तीन दिनों में शहर में जून माह के कोटे के करीब बारिश हो चुकी है। जून माह में औसत वर्षा 132.8 मिमी होनी चाहिए जबकि 1 जून से अब तक 94 मिमी से अधिक बारिश हो चुकी है। मौसम विज्ञानी अशफाक हुसैन ने बताया कि आगे चार पांच दिन बारिश की गतिविधियां जारी रहेगी शहर में मानसून की दस्तक 48 घंटों में होने की संभावना है।

बारिश के कारण हो गई ठंडक
बादल और बौछारों के कारण शहर के तापमान में तेजी से गिरावट आई है। शहर का अधिकतम तापमान 28.8 और न्यूनतम 23 डिग्री दर्ज किया गया। 56 दिनों बाद अधिकतम तापमान 30 डिग्री से नीचे आया है। इसके पहले 30 अप्रेल को अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री था।

Published on:
25 Jun 2023 08:10 am