यूनेस्को की टेंटेटिव लिस्ट में मध्य प्रदेश के 4 डेस्टिनेशन के नाम शामिल किए गए हैं। इनमें मांडू, सतपुड़ा, ओरछा, बेड़ाघाट का नाम शामिल है।
यूनेस्को के विश्व विरासत स्थलों की लिस्ट में अबतक मध्य प्रदेश के 4 ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों के नाम शुमार हैं। लेकिन, अब यूनेस्को द्वारा प्रदेश के 4 और ऐतिहासिक स्थलों को शामिल किये जाने के समीकरण बन गए हैं। दरअसल, मध्य प्रदेश के उन 4 पर्यटन स्थलों की दावेदारी यूनेस्को की लिस्ट में मजबूत हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यूनेस्को की टेंटेटिव लिस्ट में इन चारों डेस्टिनेशन के नाम शामिल कर लिए गए हैं। इनमें मध्य प्रदेश का मांडू, सतपुड़ा, ओरछा, बेड़ाघाट का नाम शामिल है।
इस संबंध में सांस्कृतिक और पर्यटन विभाग के सचिव शिवशेखर शुक्ला का कहना है कि, सरकार ने अभी ओरछा की ऐतिहासिक धरोहर का डिटेल डॉजियर भारत सरकार के माध्यम से यूनेस्को को भेजा है। वहीं अब मांडू के साथ अन्य स्थानों का भी डिजिटल डॉजियर तैयार किया जा रहा है। ऐसे में अब विश्व विरासत की लिस्ट में जल्द ही इन जगहों को शामिल किया जाएगा।
इन ऐतिहासिक स्थलों के नाम होंगे विश्व धरोहर में शामिल
-ओरछा
वर्ष 2019 में यूनेस्को द्वारा ओरछा को विश्व धरोहर स्थलों की टेंटेटिव लिस्ट में शामिल किया गया है। ये शहर ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों में से एक है। ओरछा को भगवान राम का शहर माना जाता है। मान्यता के अनुसार, भगवान राम को यहां के लोग अपना राजा मानते हैं, इसलिए दूर दूर से लोग ओरछा में घूमने के लिए और यहां के इतिहास को जानने आते हैं। ओरछा में कई ऐतिहासिक स्थल हैं, जहां पर्यटक खास तौर पर घूमने आते हैं। इसमें चतुर्भुज मंदिर, महल, छतरियां और उनमें वाल पेंटिंग देखने को मिलती है।
-सतपुड़ा टाइगर रिजर्व
मध्य प्रदेश को टाइगर स्टेट के नाम से देशभर में पहचाना जाता है। देशभर में सबसे ज्यादा बाघों वाले राज्य होने के कारण यहां के जंगलों में अकसर दुनियाभर से पर्यटक बाघों का दीदार करने आते हैं। इन्हीं में से एक है सतपुड़ा टाइगर रिजर्व इस जगह को 2021 में यूनेस्को की विश्व विरासत स्थल की टेंटेटिव लिस्ट में शामिल किया गया था। वाइल्ड लाइफ के शौकीन खासतौर पर यहां आते हैं। यहां आपको बाघों के साथ साथ बारहसिंगा, ब्लैकबक, धोल, स्लॉथ बीयर, दलदल वाले मगरमच्छ, सांभर, चीतल और अन्य जिव जंतु देखने के लिए मिलते हैं। सतपुड़ा में 14 प्रजाति के लुप्तप्राय वन्यजीवों और 300 प्रजाति के पक्षियों के घर हैं।
-मांडू
अद्भुत कारीगरी और प्रकृति की सुंदरता देखने के लिए लोग मांडू जरूर जाते हैं। यहां सिर्फ देश ही नहीं, बल्कि विदेशों पर्यटकों की भी खासा भीड़ लगी रहती है। दरअसल, मांडू जोधा - अकबर की प्रेम कहानी से जुड़ा क्षेत्र है। इस वजह से यहां की महत्वता भी काफी ज्यादा है। इस जगह को 1998 से यूनेस्को की टेंटेटिव लिस्ट में शामिल किया गया था। लेकिन, मध्य प्रदेश सरकार द्वारा अभी तक डॉजियर जमा नहीं करवाया, जिसके चलते अबतक ये यूनेस्को की लिस्ट में शामिल नहीं हो सका। लेकिन, अब जल्द ही इसे विश्व विरासत में जोड़ा जाएगा। आपको मांडू में घुमने के लिए जहाज महल, रूपमती का हिंडोला, होशंगशाह का मकबरा के साथ उत्तर मध्यकाल के अनेक ऐतिहासिक स्मारक देखने को मिल जाएँगे। साथ ही आप यहां के कई धार्मिक स्थल पर भी घुमने जा सकते हैं।
-भेड़ाघाट
मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में स्थित एक खूबसूरत पर्यटन स्थल भेड़ाघाट पर सबसे ज्यादा लोग घूमने आते हैं। आपको यहां संगमरमर की चट्टानों को देखने के साथ विश्वविख्यात धुंआधार जलप्रपात, लम्हेटा घाट और कई जगह घूमने का मौका मिल जाता है। इसे यूनेस्को ने विश्व धरोहर की टेंटेटिव लिस्ट में शामिल किया गया है। खास बात ये हैं कि, भारत ने भेड़ाघाट के धुआंधार की तुलना जिम्बाब्वे के विक्टोरिया फॉल से की है।
13 सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे लैब टेक्नीशियन, देखें वीडियो