भोपाल

एमपी बीजेपी में ताबड़तोड़ नियुक्तियां, 16 जिलों के पदाधिकारियों की घोषणा की

MP BJP- भाजपा ने 16 जिलों में किसान मोर्चा के अध्यक्ष घोषित किए, कुछ अन्य प्रकोष्ठों के पदाधिकारी भी बनाए गए

2 min read
Apr 25, 2026
MP BJP announces 16 Kisan Morcha District Presidents
MP BJP announces 16 Kisan Morcha District Presidents

MP BJP- एमपी बीजेपी में ताबड़तोड़ नियुक्तियां की जा रहीं हैं। पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों में नए पदाधिकारी नियुक्त किए जा रहे हैं। पुराने और अनुभवी पार्टी कार्यकर्ताओं को अहम दायित्व दिए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को किसान मोर्चा पदाधिकारियों की घोषणा की गई। मोर्चा के 16 जिलों के जिलाध्यक्षों के नामों की लिस्ट जारी की गई है। बीजेपी के कुछ अन्य प्रकोष्ठों के पदाधिकारी भी बनाए गए हैं। इनमें पार्टी के व्यापारी प्रकोष्ठ, शिक्षक प्रकोष्ठ और मछुआरा प्रकोष्ठ शामिल हैं।

मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार किसानों पर सबसे ज्यादा फोकस कर रही है। सन 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। प्रदेश बीजेपी का संगठन भी सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहा है। पार्टी अपने किसान मोर्चा को सक्रिय करने की कवायद में जुटी है। इसी तारतम्य में मोर्चा में अनुभवी कार्यकर्ताओं को अहम जिम्मेदारियां भी दी हैं।

बीजेपी ने शुक्रवार को 16 जिलों में किसान मोर्चा के जिला अध्यक्षों की घोषणा कर दी है। सुरेश पटेल को नर्मदापुरम, महेश्वर सिंह चंदेल को बैतूल, राहुल जाधव को बुरहानपुर, राधेश्याम जाट को शाजापुर, यशवंत लिल्लोरे को बालाघाट, धर्मवीर रघुवंशी को अशोकनगर, हेमंत धाकड़ को मुरैना, राजू नागदा को नीमच, राजेंद्र सिंह को खंडवा, प्रवीण त्रिपाठी को रीवा, प्रदीप अवस्थी को पन्ना, राजेंद्र शितोले को बड़वानी, कमलेश राजपाल को रायसेन, शैलेंद्र रघुवंशी को छिंदवाड़ा, घनश्याम कछवाहा को डिंडौरी, मुरालीलाल धाकड़ को गुना का बीजेपी किसान मोर्चा का जिला अध्यक्ष बनाया है।

अन्य प्रकोष्ठों में भी नई नियुक्तियां

केवल किसान मोर्चा ही नहीं, अन्य प्रकोष्ठों में भी नई नियुक्तियां की जा रहीं हैं। इसके अंतर्गत व्यापार प्रकोष्ठ का इंदौर के धीरज खंडेलवाल, शिक्षक प्रकोष्ठ का इंदौर के महेश पालीवाल और मछुआरा प्रकोष्ठ का कटनी के श्याम निषाद को प्रदेश संयोजक नियुक्त किया गया है।

गेहूं खरीदी कोटा बढऩे से किसानों को फायदा

इधर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने केंद्र सरकार द्वारा प्रदेश का गेहूं का कोटा बढाने पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने
कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी का मप्र से गेहूं खरीदी का कोटा बढ़ाने का फैसला किसानों के लिए खास सौगात है। इस बार प्रदेश में बंपर उत्पादन हुआ है। कोटा बढऩे से ज्यादा किसानों को फायदा होगा।

बता दें, केंद्र ने मप्र में एमएसपी पर गेहूं खरीदी की सीमा को बढ़ाकर 100 लाख मीट्रिक टन कर दिया है। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने यह भी कहा है कि सीएम डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार गेहूं खरीदी के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।

Published on:
25 Apr 2026 01:32 pm