भोपाल

MP ELECTION 2018 : कोई गिना रहा अपनी उपलब्धियां तो कोई बेहतर कल का वादा कर मांग रहा वोट

MP ELECTION 2018 : कोई गिना रहा अपनी उपलब्धियां तो कोई बेहतर कल का वादा कर मांग रहा वोट

3 min read
Nov 15, 2018
MP ELECTION 2018 : कोई गिना रहा अपनी उपलब्धियां तो कोई बेहतर कल का वादा कर मांग रहा वोट

मतदान का समय नजदीक आते ही प्रमुख दलों के प्रत्याशी पूरी ताकत से प्रचार में जुट गए हैं। जहां भाजपा प्रत्याशी अपने विकास कार्यों के बारे में बता रहे हैं, वहीं कांग्रेसी वादा कर रहे हैं कि अगर वे सरकार में आए तो समस्याएं दूर की जाएंगी।

नरेला

विश्वास सारंग : नरेला से भाजपा प्रत्याशी विश्वास सारंग ने कृषक नगर से जनसंपर्क की शुरुआत की। वे रतन कॉलोनी, दुर्गा नगर, बृज कॉलोनी, अन्ना नगर, बुद्ध नगर, दुर्गा नगर गए। कई स्थानों पर महिलाओं और बुजुर्गों ने सारंग को क्षेत्र का फीडबैक दिया।

डॉ. महेंद्र सिंह चौहान : नरेला से कांग्रेस प्रत्याशी डॉ महेंद्र सिंह चौहान ने बुधवार को वार्ड 39 में जन संपर्क किया। बाग उमरावह दूल्हा क्षेत्र में डॉ चौहान ने कादिर टी स्टॉल पर चाय बनाकर पिलाई। जैन कॉलोनी में जैन समाज के लोगों के साथ मंगोड़े बनाए।

दक्षिण-पश्चिम
उमाशंकर गुप्ता : दक्षिण पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी उमाशंकर गुप्ता ने बुधवार को विशनखेड़ी, बरखेड़ी कला गांव सहित वार्ड 26 में प्रचार किया। गुप्ता ने लोगों से कहा कि वो 15 साल से जता रहे भरोसा इस बार भी दिखाएं। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं।
पीसी शर्मा : दक्षिण पश्चिम से कांग्रेस प्रत्याशी पीसी शर्मा ने वार्ड 33 के भीम नगर, वल्लभ नगर सहित वार्ड 27 की बस्तियों में जन संपर्क किया। इस दौरान उन्हें क्षेत्र के लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं गिनाईं। जिन्हें शर्मा ने हल करने का वादा किया।

गोविंदपुरा
कृष्णा गौर : गोविंदपुरा से भाजपा प्रत्याशी कृष्णा गौर ने साकेत मंडल के वार्डों का दौरा किया। उन्होंने जाटखेड़ी, नई बस्ती, रुचि लाइफ स्केप, अशोका सोसायटी में जाकर लोगों से गौर की विरासत को संभालने सहयोग मांगा। कृष्णा बोलीं की इस भरोसे को वो ईमानदारी से निभाएंगी।
गिरीश शर्मा : कांग्रेस के गोविंदपुरा प्रत्याशी गिरीश शर्मा ने बुधवार को मां, क्षमा शर्मा, पत्नी प्रीति शर्मा और बेटे राहुल शर्मा के साथ जन संपर्क किया। वॉर्ड 57 स्थित साकेत नगर शक्ति नगर, अलका पुरी झुग्गी पिपलिया पेंदे खां, पंछी विहार में जन संपर्क किया।


हुजूर
रामेश्वर शर्मा : हुजूर से भाजपा प्रत्याशी रामेश्वर शर्मा ने मेंडोरा, मेंडोरी, बेरखेड़ी, वाजयफ्त, रसूलिया, केकडिय़ा, भानपुर गावों में जाकर लोगों से सहयोग मांगा। शर्मा ने कहा कि सरकार किसानों की सुनेगी और हुजूर में मर्जर और कैचमेंट का विवाद निपटाया जाएगा।

नरेश ज्ञान चंदानी : हुजूर से कांग्रेस प्रत्याशी नरेश ज्ञान चंदानी ने फंदा से जन संपर्क की शुरुआत की और 18 गांवों की जनता के बीच पहुंचे। जन संपर्क के दौरान उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं का जायज लिया और उन्हें जल्द से जल्द हल करने का भरोसा दिलाया।

बैरसिया
विष्णु खत्री : बैरसिया से भाजपा प्रत्याशी विष्णु खत्री ने ललरिया, सलरिया और विदिशा रोड के गांवों का दौरा किया। यहां ग्रामीणों ने खत्री को खराब सडक़ों की बात बताई। खत्री ने लोगों से कहा कि इस बार के कार्यकाल में उन्हें शिकायत का मौका नहीं मिलेगा।

जयश्री हरिकरण : बैरसिया से कांग्रेस प्रत्याशी जयश्री हरिकरण ने छपरयाई, लतीफपुर, ललरिया, चंदनखेड़ी, उमरिया सहित कई गांवों में जन संपर्क किया। ग्रामीणों ने जयश्री को आर्शिवाद देते हुए अपनी-अपनी समस्याएं बताई। कई गांव के लोगों ने लिखित में भी उन्हें समस्याएं दीं।

उत्तर-मध्य
फातिमा रसूल : उत्तर से भाजपा प्रत्याशी फातिमा रसूल सिद्दकी ने आरिफ नगर, सिंधी कालोनी, भारत टॉकीज के आसपास के वार्डों में प्रचार किया। उन्होंने लोगों से कहा कि इस बार क्षेत्र को व्यवस्थित करने के लिए भाजपा को वोट दें ताकि विकास कार्यों को तेजी से कराया जा सके।

सुरेंद्रनाथ सिंह : मध्य क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्रनाथ सिंह ने बुधवार को बुधवारा काली मंदिर में पूजा कर चुनाव प्रचार शुरू किया। सिंह ने दिन भर में भोईपुरा, होली चौक, हमीदिया कॉलेज, हाथी खाना रोड सहित अनेक इलाकों में प्रचार किया।

Published on:
15 Nov 2018 12:04 pm
Also Read
View All