भोपाल

जीत तय करने हर दिन बदल रहे रणनीति, अब ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचने पर है जोर

mp election 2018 : जीत तय करने हर दिन बदल रहे रणनीति, अब ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचने पर है जोर, गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशियों के साथ एक दिन... बुजुर्गों की सीख, शगुन-अपशगुन ध्यान रखने के साथ ही मंदिरों में पूजा-पाठ करना नहीं भूलते प्रत्याशी
2 min read
• •
Updated: 18 Nov 2018, 3:17 PM IST
news
जीत तय करने हर दिन बदल रहे रणनीति, अब ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचने पर है जोर

भोपाल. राजधानी में अब प्रत्याशियों की कोशिश अधिक से अधिक क्षेत्रों तक पहुंचने की है। इसके लिए दिनचर्या में भी बदलाव किया है। सुबह जल्दी शुरुआत करने के साथ देर रात तक मतदाताओं के बीच मौजूदगी दर्ज करवाई जा रही है। टिकट के लिए घमासान का केंद्र रहे गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशियों की दिनचर्या को जानने के लिए पत्रिका टीम ने एक दिन उनके साथ बिताया...

सुबह तय रणनीति, रात को दिनभर की समीक्षा
रोजाना सुबह 5.30 से दिनचर्या हो रही शुरू

भाजपा प्रत्याशी कृष्णा गौर दोनों बेटे अमन, आकाश, भाई मदन, बहनों सुधा, मेघा, पूजा, जूही, सोनल के साथ प्रचार में जुटी हैं। वे रोजाना सुबह 5.30 बजे से दिनचर्या शुरू करती हैं। शनिवार को पूजन के बाद नाश्ता फिर ससुर बाबूलाल गौर से दिनभर की रणनीति साझा की। 9.15 बजे वे आनंद चौराहे पहुंची, जहां केवल मिश्रा मिले। सुबह 10 बजे वार्ड 62 की गाजियापुरा कॉलोनी में सरिता गौतम से पहला संवाद हुआ। आगे बाल विहार, बिजली कॉलोनी, सिद्धार्थ कॉलोनी में रहवासियों ने बुनियादी सुविधाओं के लिए कहा।

कृष्णा ने आश्वासन दिया। बेटे आकाश ने आगे का कार्यक्रम बताया। कोकता में कार्यकर्ताओं के संग एक रेस्त्रां में लंच किया। दोपहर बाद 100 क्वार्टर, 40 क्वार्टर, चांदबाड़ी में संपर्क के बाद कृष्णा ने पिपलानी में सभा संबोधित की। रात करीब 10 बजे तक प्रचार का सिलसिला चला। रात 11 बजे तक बैठकों के कई दौर चले, जिसमें बाबूलाल गौर ने फीडबैक लिया और कमियों पर ध्यान दिलाया।

सुबह बैठकों के दौर, दिनभर मंदिरों में दर्शन
माता की चुनरी साथ में रख प्रचार का आगाज

कांग्रेस प्रत्याशी गिरीश शर्मा ने सुबह 6 बजे नरेला स्थित निवास पर पूजा से दिन की शुरुआत की। शनिवार को व्रत होने से दूध पीया। अदरकयुक्त उबले पानी की केन गाड़ी में रखी। चटनी लगी दो रोटी भी साथ रखीं। गिरीश सलकनपुर माता की चुनरी साथ लेकर सुबह 6.40 बजे छोला हनुमान मंदिर पहुंचे। इसके बाद मिनाल, कल्पना नगर और रजत नगर में बैठकें हुईं। सुबह 9.19 बजे वे इंद्रपुरी स्थित कार्यालय पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं के साथ पूर्व पार्षद महेंद्र सिंह परमार मौजूद थे। शर्मा ने लहारपुर के हरिहर मंदिर में दर्शन किए। बीएल गुप्ता के घर पहुंचे और आशीर्वाद लिया। 12.34 बजे यादव लॉ चेंबर पर विश्राम किया।

लंच के बाद श्रीवास्तव परिवार ने गिरीश शर्मा का तिलक किया। रामेश्वरम-बाग मुगालिया एक्सटेंशन रवाना होने से पहले माइक खराब होने पर शर्मा ने टीम को फटकारा। यहां प्रमोद जैन ने बुनियादी सुविधाओं को लेकर खरी-खरी सुनाई तो उन्होंने निराकरण का वादा किया। शाम 6.33 बजे बरखेड़ा पठानी के अयप्पा मंदिर में जनसंपर्क समाप्त हुआ।

Published on: