
MP Illegal Liquor Case- मध्यप्रदेश में अवैध शराब कांड पर राजनीति गर्मा गई है। कांग्रेस नेता जीतू पटवारी के बयान कि भाजपा सरकार की कार्रवाई ड्राइवर-क्लीनर तक सीमित रहती है वाले बयान के बाद भाजपा ने भी पलटवार किया है। भाजपा ने मंगलवार को इस संबंध में सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है।
भाजपा ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर जीतू पटवारी से कहा है कि डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा सरकार की कार्रवाई का दायरा ड्राइवर-क्लीनर तक कतई सीमित नहीं है, अगर विश्वास न हो तो आपके अज़ीज़ और कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल तथा कांग्रेस प्रवक्ता आनंद कासलीवाल से पूछ लीजिए! देवास के अवैध शराब कांड में कांग्रेस प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे की गिरफ्तारी तथा हरदा के पूर्व युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल जायसवाल का शराब तस्करी नेटवर्क में नाम सामने आना क्या महज संयोग है? ख़ैर, नेता प्रतिपक्ष ने भी सार्वजनिक तौर पर यह बयान दिया है कि अवैध शराब तस्करी में काँग्रेस के बड़े - बड़े नेताओं का हाथ रहा है।
भाजपा ने यह भी कहा है कि आपकी पार्टी के नेताओं और उनसे जुड़े लोगों के नाम बार-बार ऐसे मामलों में सामने आ रहे हैं और आप सरकार से सवाल पूछ रहे हैं! आपको शर्म आनी चाहिए। आपको सिर्फ अपनी पार्टी की चिंता करनी चाहिए, क्योंकि भाजपा सरकार में कोई भी गुनहगार बचने वाला नहीं है।
मध्य प्रदेश में शराब माफिया इतना ताकतवर हो गया है कि सरकार की आबकारी मशीनरी उसके सामने बेबस नजर आ रही है! गुजरात से लगे बड़वानी, झाबुआ, धार में शराब तस्करी के 163 मामले दर्ज हुए, लेकिन कार्रवाई का दायरा ड्राइवर/क्लीनर तक सीमित रहा! सवाल यह है कि शराब बनाने वाली फैक्ट्रियां, वेयरहाउस के मालिक और तस्करी का पूरा नेटवर्क आज भी जांच से बाहर क्यों हैं? यही कारण है मसला हाईकोर्ट में पहुंच गया है! आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर ढेर सारे सवाल उठ रहे हैं! लेकिन, सरकार चुप है! सवाल सीधा है, शराब की बोतल ढोने वाले ड्राइवर-क्लीनर तो पकड़ में आ जाते हैं, लेकिन शराब बनाने वाले कारखानों के मालिक और तस्करी के असली सरगना क्यों नहीं? प्रदेश के राजस्व को हर साल करोड़ों की हानि, कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल और शराब माफिया की खुली मनमानी को भाजपा सरकार बर्दाश्त क्यों कर रही है?