भोपाल

लाड़ली बहना के लिए खुशखबरी, नवरात्रि में आएंगे 1500 रुपए, उमरिया से 1.25 करोड़ महिलाओं को सौगात

Ladli Behna Yojana : उमरिया के गुरुवाही से जारी होगी योजना की 41वीं किस्त, 1.25 करोड़ महिलाओं को मिलेगा फायदा। 144 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी।
2 min read
Ladli Behna Yojana
14 अक्टूबर को खाते में आएंगे 1500 रुपए (फोटो सोर्स: Mohan Yadav Facebook)

MP News :मध्य प्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए नवरात्रि के मौके पर प्रदेश सरकार की ओर से बड़ी सौगात आने वाली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 14 अक्टूबर को उमरिया जिले के मानपुर जनपद पंचायत अंतर्गत गुरुवाही गांव में आयोजित लाड़ली बहना योजना के सम्मेलन ले सिंगल क्लिक पर योजना की 41वीं किस्त जारी करेंगे। इसके तहत प्रदेश की करीब 1.25 करोड़ पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1500 रुपए राशि अंतरित होगी। इसी के साथ मुख्यमंत्री जिले में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे।

1.25 करोड़ महिलाओं के बैंक खातों में आएगी रकम

मुख्यमंत्री मोहन यादव लाड़ली बहना योजना के तहत पात्र सामान्य लाभार्थी महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए की आर्थिक सहायता राशि दे रहे हैं। ये राशि महिलाओं के आधार से जुड़े और डीबीटी सक्रिय बैंक खातों में सीधे ट्रांसफर की जाती है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना, उनके स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार करने के साथ साथ परिवार के फैसलों में उनकी भागीदारी को बढ़ाना है।

जून 2023 से अब तक 40 किस्तों का भुगतान

लाड़ली बहना योजना के तहत जून 2023 में पहली बार करीब 1.25 करोड़ लाभार्थी महिलाओं को आर्थिक सहायता दी गई थी। सितंबर 2026 तक योजना की 40 किस्तें जारी हो चुकी हैं। अब 14 अक्टूबर को 41वीं किस्त खातों में ट्रांसफर होगी।

144 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की भी सौगात

सूबे के उमरिया जिले के गुरुवाही में होने जा रहे कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव कुल 14,415.93 लाख रुपए की लागत के 136 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे। इनमें 8,731.55 लाख रुपए की लागत के 68 कार्यों का लोकार्पण और 5,684.41 लाख रुपए की लागत के 68 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इनमें बांधवगढ़ और मानपुर विधानसभा क्षेत्रों की परियोजनाएं भी शामिल हैं। बांधवगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 5,906.99 लाख रुपए की लागत के 18 कार्यों का लोकार्पण और 3,225.22 लाख रुपए की लागत के 46 कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा। वहीं, मानपुर विधानसभा क्षेत्र में 2,824.56 लाख रुपए की लागत के 50 कार्यों का लोकार्पण और 2,459.16 लाख रुपए की लागत के 22 कार्यों का भूमिपूजन होगा।

Updated on:
13 Oct 2026 06:13 pm
Published on:
13 Oct 2026 05:14 pm