
आसाराम image patrika
Baba Asaram : धार्मिक प्रवचन, सत्संग की आड़ में कई अनैतिक व गैर कानूनी कार्य करनेवाला आसाराम ( Asaram ) एक फिर चर्चा में है। उसे अभी पैरोल पर जेल से रिहा किया गया है। आसाराम ने बाहर आकर पहले अपनी मेडिकल जांच कराई और इसके बाद जोधपुर के आश्रम में चला गया। वह दुष्कर्म के केस में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। आसाराम को जोधपुर पुलिस ने इंदौर के आश्रम से गिरफ्तार किया था। इस पूरे मामले पर राजस्थान कैडर के IPS अजयपाल लांबा ( IPS Ajaypal Lamba ) द्वारा एक किताब लिखी गई है। गनिंग फॉर द गॉडमैन : द ट्रू स्टोरी बिहाइंड आसाराम बापूज कॉन्विक्शन ( Gunning for the Godman: The True Story Behind Asaram Bapu’s Conviction ) नामक इस किताब में आसाराम की गिरफ्तारी के दौरान मची आपाधापी, उसके नाटक और आखिरकार दुष्कर्म का गुनाह कबूल लेने वाला बयान का भी उल्लेख किया गया है। IPS अजयपाल लांबा ने पुस्तक में अपनी सख्ती का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा है जब मैंने सपाट शब्दों में पूछा कि बाबा तू तो यह बता कि तूने क्या किया है, तब वह सहम उठा था।
रेप के दोषी आसाराम बापू ( Asaram Bapu ) पर आईपीएस अजयपाल लांबा की किताब 6 साल पहले प्रकाशित हुई थी। हॉर्पर कोलिन्स द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक को लिखने में अरविंद माथुर ने भी मदद की। आईपीएस अजयपाल लांबा 2013 में उस पुलिस टीम के मुखिया थे जिसने आरोपी आसाराम को इंदौर से गिरफ्तार किया था। किताब में उन्होंने इस घटना का विस्तार से जिक्र किया।
आईपीएस अजयपाल लांबा ने किताब में बताया कि आसाराम ने खुद को बचाने के लिए साम, दाम, दंड, भेद का हर दांव खेला। अंतत: उसने अपनी गल्ती भी कबूल कर ली थी।आईपीएस अजय पाल लांबा ने स्पष्ट किया कि आसाराम से जब सख्ती से पूछताछ की गई तभी उसके तेवर ढीले हुए। मैंने कड़क लहजे में कहा कि बाबा तू तो ये बता कि ये सब क्या कर डाला तूने, जल्दी बता…। इसपर आसाराम दहल उठा और धीमे स्वर में बोला कि हां, मैंने गलती कर दी।
पुस्तक 'Gunning for the Godman: The True Story Behind Asaram Bapu's Conviction' में आईपीएस अजयपाल लांबा ने आसाराम के खिलाफ दुष्कर्म के मामले और उसकी गिरफ्तारी की अंदरूनी कहानी बताई है। केस के समय वे जोधपुर पश्चिम के डीसीपी थे। आसाराम ने गिरफ्तारी से बचने के लिए हर प्रकार का दबाव डलवाया था। इसके बावजूद पुलिस डरी नहीं और समर्थकों के भारी विरोध के बाद भी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
Updated on:
13 Oct 2026 01:34 pm
Published on:
13 Oct 2026 01:34 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
