
MP New CS Anurag Jain: मध्य प्रदेश के नए चीफ सेक्रेटरी के रूप में वरिष्ठ आईएएस अफसर अनुराग जैन के नाम की घोषणा कर दी गई है। वीरा राणा के बाद वे प्रदेश के 35वें चीफ सेक्रेटरी होंगे। इस पद पर उनकी नियुक्ति के आदेश जारी होने वाले हैं। यहां जानें कौन हैं आईएएस अनुराग जैन…
IAS अनुराग जैन मध्य प्रदेश के सबसे सीनियर अधिकारी हैं, ऐसे में उनकी नियुक्ति से किसी भी अफसर को सुपर सीड भी नहीं किया जाएगा। सीएस के रूप में अनुराग जैन को सीएम मोहन यादव की पसंद माना जा रहा है। हालांकि चर्चा ये भी है कि दिल्ली से ही अनुराग जैन का नाम सेलेक्ट किया गया है।
बता दें कि इससे पहले कई अधिकारियों के नाम मुख्य सचिव की रेस में शामिल थे, लेकिन अनुराग जैन के नाम पर मुहर लगाई गई है।
अनुराग जैन को मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में सबसे अहम मंत्रालय रोड, ट्रांसपोर्ट एंड हाईवे का जिम्मा सौंपा गया। IAS अनुराग जैन वित्त प्रबंधन के अच्छे जानकार माने जाते हैं। बता दें कि अनुराग जैन 30 मई 2020 से केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर थे।
नौ महीने पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से अनुराग जैन की मुलाकात दिल्ली स्थित एमपी भवन में हुई थी। तभी माना जा रहा था कि वे जल्द ही मध्य प्रदेश लौट सकते हैं, ताकि लोकसभा चुनाव की आचार संहिता से पहले उन्हें मुख्य सचिव बनाया जा सके। क्योंकि उस समय मार्च 2024 में वर्तमान चीफ सेक्रेटरी वीरा राणा का कार्यकाल पूरा होने और रिटायरमेंट की चर्चा थी। ऐसे में इस तरह के कयास लाजमी थे।
पूर्व मुख्य सचिव रहे इकबाल सिंह बैंस के एक्सटेंशन के समय भी जैन के मुख्य सचिव बनने की चर्चाएं तेज थीं, लेकिन कहा जाता है कि तब केंद्र ने उन्हें नहीं छोड़ा था और माना जा रहा था कि एमपी में फिर से भाजपा की सरकार बनने के बाद केंद्र उन्हें वापस भेज मध्य प्रदेश भेज सकता है।