MP News: स्कूल शिक्षा विभाग ने तीन हजार प्राथमिक और दो हजार माध्यमिक शिक्षकों की भर्ती की तैयारी शुरू कर दी है।
MP News: मध्यप्रदेश में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक अच्छी खबर है। मध्यप्रदेश में जल्द ही 5000 सरकारी शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। इस वर्ष ही ये भर्ती होगी और स्कूल शिक्षा विभाग ने इसकी तैयारी शुरु कर दी है। भर्ती प्रक्रिया मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन बोर्ड (ESB) के माध्यम से आयोजित की जाएगी। स्कूल शिक्षा विभाग ने मंडल को इसके लिए प्रस्ताव भेजा और स्वीकृति मिलने के बाद भर्ती प्रक्रिया के आवेदन शुरु हो जाएंगे।
बताया जा रहा है कि तीन हजार प्राथमिक और दो हजार माध्यमिक शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। लोक शिक्षण संचालनालय (ईएसबी) की ओर से प्रदेश भर के स्कूलों से प्राप्त मांग के आधार पर यह भर्ती की जा रही है। जुलाई व अगस्त से आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। फिर शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित की जाएगी। पात्रता परीक्षा में सफल अभ्यर्थी चयन परीक्षा में शामिल होंगे। फिर चयन परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवारों की मेरिट सूची तैयार होगी और उनकी पदस्थापना स्कूलों में की जाएगी।
एक तरफ जहां सरकारी शिक्षकों की भर्ती की तैयारी की जा रही है वहीं दूसरी तरफ पिछले वर्ष आयोजित प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा का परिणाम अभी तक घोषित न होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी है। नाराज अभ्यर्थियों ने 18 फरवरी प्रदेश की राजधानी भोपाल में विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। उनका कहना है कि करीब सालभर बाद भी प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा का परिणाम घोषित न होने से उनकी तैयारी और भविष्य की योजनाओं पर असर पड़ रहा है।