MP News: सीएम मोहन यादव ने किसानों को गेहूं खरीदी पर 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देने और उड़द की खरीदी पर 600 रुपये क्विंटल प्रोत्साहन राशि देने का ऐलान किया है।
MP News: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के किसानों को बड़ी सौगात दी है। सीएम मोहन यादव ने गेहूं पर 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देने के साथ उड़द पर 600 रुपये प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है। इसके साथ ही सीएम मोहन यादव ने गेहूं खरीदी के लिए होने वाले पंजीयन की तिथि भी 7 मार्च से बढ़ाकर 10 मार्च कर दी है। सीएम मोहन यादव ने किसानों को एक और सौगात देते हुए ऐलान किया है कि अब किसानों को सिंचाई के लिए दिन में बिजली प्रदान की जाएगी जिससे कि रात के समय बिजली से सिंचाई करने में होने वाली कठिनाइयों से किसानों को निजात मिलेगी।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा है- ‘राज्य सरकार किसान कल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही है। आज भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा में किसानों के लिए महत्वपूर्ण निर्णय किए। राज्य सरकार इस वर्ष गेहूं खरीदी पर 40 रुपए प्रति क्विंटल बोनस प्रदान करेगी। गेहूं खरीदी के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 7 मार्च से बढ़ाकर 10 मार्च की जा रही है।’सीएम ने आगे बताया कि उड़द खरीदी पर 600 रुपए प्रति क्विंटल के बोनस की घोषणा की गई है। किसान उड़द लगाएं, ताकि ठीक से उनको इस बोनस का लाभ मिले और अगली फसल की तैयारी भी हो जाए।
मध्यप्रदेश में सरकार किसानों की फसलों की खरीदी एमएसपी यानी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर करती है। इस बार गेहूं का समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल तय है। अब सीएम मोहन यादव ने किसानों को गेहूं पर प्रति क्विंटल 40 रुपये बोनस देने का ऐलान किया है ऐसे में कुल मिलाकर किसानों को अपनी एक क्विंटल गेहूं की फसल पर 2625 रुपये का मूल्य मिलेगा।